Bihar: अचानक सीतामढ़ी SP ऑफिस पहुंचे आईजी लांडे, लड़की की हत्या के मामले की जांच के लिए गठित की SIT
पटना.
आईजी शिवदीप लांडे सोमवार को अचानक सीतामढ़ी एसपी ऑफिस का निरीक्षण करने पहुंच गए। उनके औचक निरीक्षण से पुलिस महकमा में हलचल मच गई। इसके बाद आईजी डुमरा पर थाना क्षेत्र के मिर्चाइया गांव भी पहुंचे और एक नाबालिग लड़की की हत्या के मामले की जांच शुरू की।
दरअसल, केस का रिव्यू करने के दौरान आईजी शिवदीप लांडे के संज्ञान में एक लड़की की जलाकर हत्या करने का मामला सामने आया था। जिसके बाद आईजी डुमरा पर थाना क्षेत्र के मिर्चाइया गांव में जांच के लिए पहुंचे।
9 महीने पहले हुई इस घटना की जांच के लिए उन्होंने एसआईटी का गठन किया है। मामले को लेकर उन्होंने कहा कि लड़की की हत्या के मामले में जो भी दोषी होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर मृतका और उसके परिजनों को न्याय दिलाएंगे।
जून 2022 में की गई थी नाबालिग की हत्या
बता दें कि जून 2022 में एक नाबालिग लड़की की जलाकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया तो कोर्ट के आदेश के बाद एफआईआर की गई थी। लेकिन, केस दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। केस रिव्यू के दौरान आईजी शिवदीप लांडे की नजर मामले पर पड़ी तो उन्होंने मिर्चाइया गांव पहुंचकर मृतका के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एसपी ऑफिस का भी रिव्यू किया। डीएसपी सोनल कुमारी के नेतृत्व में मामले की जांच करने के लिए एसआईटी का गठन किया गया।
आईजी बोले- मुझे गड़े मुर्दे उखाड़ने की आदत
आईजी शिवदीप लांडे ने कहा कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेरी गड़े मुर्दे उखाड़ने की आदत रही है। रिव्यू के दौरान यह केस सामने आया था, जिसकी जांच शुरू की गई। बताया गया कि जब हम गांव गए तब इस संबंध में कोई भी कुछ बताने को तैयार नहीं था। उन्होंने कहा कि घटना के बारे में सही जानकारी देने वाले को खुद 25 हजार रुपया दूंगा और उसकी पहचान भी गोपनीय रखी जाएगी। नाबालिग की हत्या को 9 महीने बीत गए हैं, लेकिन अब तक उसे और उसके परिजनों को न्याय नहीं मिला है।
#Girl's murder#investigation#IG Lande#suddenly reached#Sitamarhi SP office#formed SIT

पाठको की राय