Saturday, October 24th, 2026

बिहार-बेगूसराय में प्रसव के दौरान लापरवाही से मां और नवजात की मौत, परिजनों ने जमकर किया हंगामा

बेगूसराय.

बिहार के बेगूसराय में प्रसव के दौरान जच्चा व बच्चा दोनों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने निजी अस्पताल में जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में बुधवार को प्रसव कराने आई एक महिला को अत्यधिक प्रसव पीड़ा के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा सदर अस्पताल के लिए देर शाम को रेफर कर दिया गया।

जिसके बाद पीएचसी के बिचौलियों के काले खेल की शुरुआत हो गई। बिचौलियों ने मानवता की सारी हदें पार कर चंद सिक्कों की लालच में आकर भोले भाले मरीज के परिजनों को गुमराह कर प्रसव कराने आई महिला को भगवानपुर बाजार स्थित भूषण मेडिकल के परिसर में संचालित क्लीनिक में ले जाया गया। जहां प्रसव के दौरान जच्चा और बच्चा दोनों की मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। जिसको लेकर गुरुवार को अहले सुबह भगवानपुर बाजार में अफरा तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। भूषण मेडिकल के सामने पीड़ित परिजनों द्वारा शव को सड़क पर रखकर जमकर बवाल काटा गया। मृतका की पहचान मोक्तियारपुर वॉर्ड नंबर 12 निवासी भुवन पासवान की 24 वर्षीय पत्नी राधा देवी के रूप में हुई है। मृतक महिला अपने पांच वर्षीय पुत्री लाडो कुमारी को अनाथ कर कई। मृतक के पति भुवन पासवान बेसुध पड़े हुए हैं। इसको लेकर मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक राधा देवी को प्रसव पीड़ा के उपरांत बुधवार को पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां देर शाम चिकत्सकों द्वारा रेफर कर दिया गया। तत्पश्चात पीएचसी के बिचौलियों के चक्कर में गुमराह होकर भगवानपुर बाजार स्थित भूषण मेडिकल परिसर में संचालित क्लीनिक में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के द्वारा बताया गया की बड़ा ऑपरेशन कर प्रसव कराया जायेगा।

आनन फानन में हमलोग ऑपरेशन के लिए राजी हो गए। ऑपरेशन उपरांत चिकित्सकों के द्वारा बताया गया की नवजात की मौत हो गई। वहीं प्रसूति महिला की स्थिति गंभीर है। परिजनों के द्वारा आरोप लगाया गया कि भूषण मेडिकल परिसर में संचालित क्लीनिक में उचित सुविधा सहित चिकित्सकों के नहीं रहने के कारण प्रसव के दौरान जच्चा व बच्चा की मौत हो गई। उक्त घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं उक्त संचालित क्लीनिक के सभी कर्मी सहित भूषण मेडिकल के कर्मी दुकान बंदकर फरार हो गए।

 

#Bihar-Begusarai#mother-newborn died#delivery negligence

Source : Agency

पाठको की राय