Monday, October 19th, 2026

ITR से कहीं बड़ा व्यापार, 2 महीने से इनकम टैक्स विभाग की रडार पर थे पुष्पराज जैन और मियां मलिक

कानपुर

डीजीजीआई के बाद अब आयकर विभाग ने ‘ऑपरेशन खुशबू’ छेड़ दिया है। कर चोरी की जांच के तहत शुक्रवार को कन्नौज के बड़े इत्र कारोबारी एवं सपा एमएलसी पुष्पराज जैन उर्फ पम्पी जैन और मियां मलिक के ठिकानों पर छापेमारी की। पम्पी जैन और मलिक मियां के ठिकानों पर आयकर छापों की तैयारी डीजीजीआई से पहले ही की जा रही थी। पीयूष जैन पर छापों के तत्काल बाद ये कार्रवाई की गई। पम्पी जैन सहित कई बड़े इत्र कारोबारियों पर आयकर छापे की तैयारी दो महीने पहले से थी।

उनके कारोबार, टर्नओवर, आईटीआर की गहन छानबीन की जा रही थी। साथ ही कन्नौज, कानपुर से लेकर मुंबई तक फैले उनके बिजनेस का पूरा ब्योरा जुटाया गया। ये पाया गया कि आईटीआर की तुलना में उनका व्यापार कहीं ज्यादा बड़ा है। बड़ी संख्या में इन कारोबारियों के रिश्तेदार भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर लिप्त थे। संदेह था कि इनमें कई डमी नाम हैं और असल में कारोबार के असली मालिक यही दोनों हैं। उन पर कार्यवाही की तैयारी लगभग पूरी थी लेकिन डीजीजीआई अहमदाबाद के आ जाने से अभियान रोक दिया गया। पीयूष जैन के खुलासे के तत्काल बाद आयकर ने अपनी कार्यवाही कर दी क्योंकि पीयूष मामले में भी पम्पी जैन का नाम जोड़ा गया था। मिले अरबों के कैश का कनेक्शन तलाशा जा रहा था।

 

#ITR

Source : Agency

पाठको की राय