Tuesday, October 20th, 2026

दरभंगा एम्स निर्माण को लेकर नीतीश कुमार की ओर से आया बड़ा बयान, कहा- केंद्र से मिली मंजूरी

दरभंगा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि दरभंगा के शोभन में ही एम्स बनेगा। वहां एम्स बनाने को केंद्र से मंजूरी मिल गयी है। पटना के बाद बिहार में दूसरा एम्स दरभंगा में बनेगा। दरभंगा में एम्स स्थापित करने के लिए शोभन काफी अच्छी जगह है, जिसको हमलोगों ने चिह्नित किया है। वहां आवागमन के लिए बेहतर कनेक्टविटी है। लोग आसानी से पहुंच सकते हैं। शोभन में एम्स बनने से दरभंगा शहर का विस्तारीकरण भी होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को दरभंगा चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की विकास योजनाओं के साथ-साथ कई अन्य योजनाओं के शुभारंभ के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि हम तो डीएमसीएच को ही पहले एम्स बनाना चाह रहे थे। केंद्र इसके लिए पहले सहमत भी हो गया था। लेकिन फिर बाद में किसी कारण बस ऐसा नहीं हो पाया। बाद में हमने दरभंगा एम्स के लिए शोभन में जमीन देखी। हमें जनवरी में जगह दिखायी गयी। उन्होंने कहा कि अब शोभन में एम्स बनाने को लेकर केंद्र से मंजूरी आ गई है। केंद्र सरकार की ओर से दरभंगा एम्स की ऊंचाई जो पहले से निर्धारित थी उसको और बढ़ाने के लिए कहा गया है। हम उसको और बढ़ा रहे हैं। फोर लेन का निर्माण भी करा रहे हैं।

डीएमसीएच में 400 बेड के सर्जिकल वार्ड का उद्घाटन
इसके पहले नीतीश कुमार ने 2742.04 करोड़ रुपये की लागत से दरभंगा चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, दरभंगा को पुनर्विकसित करने की योजना अंतर्गत प्रति वर्ष 250 नामांकन के शैक्षणिक भवन एवं 2100 शैय्या के अस्पताल तथा राजकीय महारानी रामेश्वरी भारतीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान, मोहनपुर, दरभंगा के निर्माण का शिलान्यास किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने 194.08 करोड़ रुपये की लागत से 400 शैय्या के सर्जिकल ब्लॉक सहित विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और सर्जरी ब्लॉक में दीदी की रसोई का शुभारंभ किया।

डीएमसीएच को लेकर दिए कई निर्देश:
अस्पताल परिसर के मुआयना के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई निर्देश भी दिये। कहा कि वर्षा में यहां जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसका ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य सुनिश्चत कराएं। ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाएं ताकि पानी की निकासी में दिक्कत न हो। आज 2100 शैय्या के अस्पताल तथा राजकीय महारानी रामेश्वरी भारतीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान का शिलान्यास कर दिया गया है, इसका निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरु कराएं। जब इसका निर्माण कार्य शुरु होगा तो उस समय पुनः हम यहां देखने आयेंगे। निर्माण कार्य पूर्ण हो जाने पर लोगों को इलाज में काफी सहूलियत होगी। जब हम सांसद थे और बाहर जब जाते थे तो हर जगह पीएमसीएच और डीएमसीएच के डॉक्टर मिल जाते थे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का और विस्तार हमलोग कर रहे हैं। इसमें पहले से 400 बेड का अस्पताल बना हुआ है। यहां जब 2500 बेड का अस्पताल बन जाएगा तो यहां इलाज और बेहतर ढंग से होगा साथ ही मेडिकल की पढ़ाई भी बेहतर ढंग से होगी। यह बहुत महत्वपूर्ण जगह भी है, इसलिए इस मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वालों की संख्या और बढ़ेगी। सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल भी बनकर तैयार है।

 

 

#मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

Source : Agency

पाठको की राय