Thursday, October 22nd, 2026

WPL 2023 Points Table में हुआ बड़ा फेरबदल, जानिए कैसे मिलेगा सीधे फाइनल खेलने का टिकट

नई दिल्ली
वुमेंस प्रीमियर लीग के पहले सीजन में सोमवार 20 मार्च को दो रोमांचक मुकाबले हुए, जिसमें एक मैच का नतीजा तो मैच का आखिरी गेंद पर निकला, लेकिन दूसरे मैच को दिल्ली कैपिटल्स ने एकतरफा बना दिया। मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली की टीम ने बड़ी जीत दर्ज की, जिससे WPL के पहले सीजन की अंकतालिका में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। जब से टूर्नामेंट की शुरुआत हुई तब से मुंबई इंडियंस के सिर पर नंबर वन का ताज था, लेकिन सोमवार को इस ताज को दिल्ली की टीम ने छीन लिया है। मुंबई की टीम सीधे टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने की राह तलाश रही थी, लेकिन दिल्ली की टीम ने हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम को झटका दिया है। इस तरह अब सीधे फाइनल का टिकट पाने की रेस में अब तीन टीमें शामिल हो गई हैं।

WPL के प्लेऑफ में वैसे तो मुंबई, दिल्ली और यूपी की टीम पहुंच गई है, लेकिन आपको ये जानकर हैरानी होगी कि जो टीम वुमेंस प्रीमियर लीग 2023 की अंकतालिका में शीर्ष पर रहेगी, उसे सीधे फाइनल में प्रवेश मिलेगा, जबकि नंबर 2 और नंबर 3 पर रहने वाली टीमों को एलिमिनेटर मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश करना होगा। ऐसे में अब फाइनल की रेस काफी दिलचस्प हो गई है।

भले ही .1 पर्सेंट ही सही, लेकिन अब यूपी वॉरियर्स के पास भी सीधे फाइनल का टिकट कटाने का मौका है, क्योंकि टीम का आखिरी लीग मैच बाकी है, जो दिल्ली कैपिटल्स से होना है। अगर यूपी को उस मैच में बड़ी जीत मिलती है और नेट रन रेट बेहतर हो जाता है तो फिर कहानी दिलचस्प होगी, लेकिन अगर मंगलवार की दोपहर को मुंबई और आरसीबी के बीच होने वाले मैच में मुंबई जीतती है तो यूपी की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी।

इसके बाद सिर्फ मुंबई और दिल्ली की ही टीम के पास सीधे फाइनल में पहुंचने का मौका होगा। अगर मुंबई और दिल्ली अपना मैच हार जाती हैं तो फिर नेट रन रेट के आधार पर फाइनल की क्वालीफिकेशन तय होगी, जहां मौजूदा समय में दिल्ली नंबर एक पर है, मुंबई नंबर दो पर और यूपी की टीम नंबर 3 पर है। आरसीबी चौथे और गुजराज जाएंट्स पांचवें स्थान पर विराजमान है।

 

 

#WPL 2023 Points Table

Source : Agency

पाठको की राय