DL के ऑनलाइन रिन्युअल के लिए बड़े जिलों को इंतजार
ग्वालियर
परिवहन विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों में ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण, पता परिवर्तन व डुप्लीकेट लाइसेंस बनवाने की व्यवस्था को आनलाइन कर दिया है। इन जिलों के लोगों को अब लाइसेंस नवीनीकरण, पता परिवर्तन व डुप्लीकेट के लिए आरटीओ कार्यालय के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। अब वे घर बैठे आनलाइन इस कार्य को कर सकते हैं। पहले प्रदेश के छोटे जिलों को इससे जोड़ा जा रहा है। छोटे जिलों का डेटा सारथी पोर्टल पर पोर्ट किया जा रहा है। छोटे जिलों में यह सेवा पहले शुरू हो रही है, लेकिन ग्वालियर, भोपाल, इंदौर व जबलपुर सहित अन्य बड़े जिलों को अभी इस सेवा के लिए अभी इंतजार करना होगा। इनके डेटा को पोर्ट करने में अभी समय लग रहा है।
महानगरों का डेटा अधिक है इसलिए फरवरी के अंत तक शहर के महानगरों को इस सेवा का लाभ मिल सकता है। परिवहन विभाग ने एनआईसी (नेशनल इंफार्मेटिक्स सेंटर) सेवाओं को स्वीकार लिया है। करीब 16 सेवाएं एनआइसी के माध्यम से ली जाएंगी। एनआइसी के वाहन व सारथी पोर्टल पर डेटा पोर्ट करने का कार्य किया जा रहा है। वाहन पोर्टल के शुरू होने पर डीलर पाइंट पर ही वाहन के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था हो जाएगी। सारथी पोर्टल से ड्राइविंग लाइसेंस सेवा संचालित की जा रही है। लर्निंग लाइसेंस सेवा आनलाइन हो चुकी है। अब 24 घंटे में कभी भी घर बैठे लर्निंग लाइसेंस बनवा सकते हैं। ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण, पता परिवर्तन व डुप्लीकेट लाइसेंस सेवा को भी अब आनलाइन किया जा रहा है।
20 साल में होता है रिव्यूवल
जब कोई व्यक्ति पहली बार ड्राइविंग लाइसेंस बनवाता है तो उसकी वैधता 20 साल रहती है। 20 साल बाद लाइसेंस का नवीनीकरण कराना होता है। एक बार रिन्यूवल होने के बाद पांच साल के लिए लाइसेंस वैध रहता है। कामर्शियल लाइसेंस हर पांच साल में बनवाना होता है। कामश्रियल लाइसेंस रिन्यूवल में मेडिकल सर्टिफिकेट की जरूरत होती है। इस सर्टिफिकेट को भी अब आनलाइन जमा कर सकते हैं। यदि किसी का लाइसेंस गुम हो जाता है तो उसे डुप्लीकेट लाइसेंस बनवाना पड़ता है। यह भी घर बैठे बन सकता है।
इन जिलों में सेवा शुरू
होशंगाबाद, सीहोर, राजगढ़, देवास, रायसेन, रतलाम, मंदसौर, शाजापुर, नीमच, खंडवा, धार, बड़वानी, बुरहानपुर, अलिराजपुर, खरगोन, विदिशा, आगर मालवा में ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण, पता परिवर्तन व डुप्लीकेट लाइसेंस को आनलाइन किया जा चुका है।

पाठको की राय