Wednesday, October 21st, 2026

BCCI का रणजी ट्रॉफी 2022 को लेकर बड़ा फैसला, दो फेज में खेला जाएंगे मैच

नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रणजी ट्रॉफी 2022 को लेकर बड़ा फैसला लिया है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने शुक्रवार को कहा कि स्थगित की गई रणजी ट्रॉफी अगले महीने से दो फेज में खेली जाएगी। पिछले साल कोरोना महामारी के कारण टूर्नामेंट का आयोजन नहीं किया गया था। समझा जाता है कि 38 टीमों का यह टूर्नामेंट फरवरी के दूसरे सप्ताह में शुरू होगा और पहला फेज एक महीने तक चलेगा। पहले इसका आयोजन 13 जनवरी से होना था, लेकिन कोरोना महामारी की तीसरी लहर के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। शाह ने एक बयान में कहा, 'बोर्ड ने रणजी ट्रॉफी का आयोजन दो फेज में करने का फैसला किया है। पहले फेज में लीग लेवल के मैच होंगे और नॉकआउट जून में खेले जाएंगे।' उन्होंने कहा, 'मेरी टीम महामारी के कारण स्वास्थ्य को लेकर किसी तरह के जोखिम से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर रही है।' शाह ने कहा कि बीसीसीआई रणजी ट्रॉफी के महत्व को समझती है।

उन्होंने कहा, 'रणजी ट्रॉफी हमारी सबसे प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट है जिससे हर साल भारतीय क्रिकेट को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मिलते हैं। यह जरूरी है कि इस प्रमुख टूर्नामेंट के हितों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी उपाय किए जाएं।' इससे एक दिन पहले बोर्ड के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा था कि बोर्ड इस साल टूर्नामेंट का आयोजन करना चाहता है। इंडियन प्रीमियर लीग भी 27 मार्च से शुरू हो रही है जिसकी वजह से रणजी ट्रॉफी दो फेज में कराई जाएगी।

 

#Big decision

Source : Agency

पाठको की राय