Wednesday, October 21st, 2026

आतंकी हमलों समेत कई मसलों पर चर्चा के लिए इराकी प्रधानमंत्री से मिलेंगे बाइडन

लंदन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन इस महीने के अंत में वाशिंगटन में इराक के प्रधानमंत्री मुस्तफा अल-कदिमी से मुलाकात करेंगे। व्हाइट हाउस ने यह जानकारी दी। दोनों नेताओं के बीच 26 जुलाई को प्रस्तावित बैठक अमेरिका-इराक संबंधों में ऐसे महत्वपूर्ण समय में हो रही है जब इराक और सीरिया में अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ लगातार हमलों के बारे में चिंताएं बढ़ गई हैं। जनवरी में बाइडन के कार्यभार संभालने के बाद से अमेरिकी अड्डों को निशाना बनाकर कम से कम आठ ड्रोन हमले और 17 रॉकेट हमले हुए हैं।

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा कि बाइडन इस्लामिक स्टेट आतंकवादी संगठन की ‘‘हार सुनिश्चित करने समेत इराक के साथ राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा के मोर्चे पर द्विपक्षीय सहयोग’’ मजबूत करने की दिशा में आशान्वित हैं। अमेरिकी बलों पर हमले के लिए ईरान समर्थित मिलिशिया समूहों पर आरोप लगता रहा है।

बगदाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ईरान के अभियान दल के कुद्स फोर्स कमांडर कासिम सुलेमानी और वरिष्ठ इराकी मिलिशिया कमांडर अबू महदी अल-मुहांदिस के पिछले साल अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे जाने के बाद से दोनों देशों के बीच संबंध जटिल हो गए। उस हमले का आदेश तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिया था। लेकिन बाइडन प्रशासन ईरान के साथ पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के समय हुए परमाणु समझौते को फिर से शुरू करना चाहता है और ऐसे संकेत मिले हैं कि ईरान कम से कम अभी के लिए अमेरिका पर मिलिशिया के हमलों पर अंकुश लगाना चाहता है।e

 

#बाइडन

Source : Agency

पाठको की राय