Wednesday, October 21st, 2026

अमेरिका में 2024 के चुनाव प्रचार के लिए बाइडन, हैरिस ने दानदाताओं से की मुलाकात

वाशिंगटन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने सप्ताहांत में शीर्ष 150 दानदाताओं से मुलाकात की, जिसमें एक भारतीय-अमेरिकी उद्यमी भी शामिल हैं। दोनों नेताओं ने यह मुलाकात 2024 के चुनाव प्रचार अभियान के लिए धन जुटाने की सफल रणनीति विकसित करने के उद्देश्य से की। यह जानकारी इस बैठक में शामिल व्यक्तियों ने दी।

इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के नेतृत्व वाले ‘‘एमएजीए (मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) रिपब्लिकन’ को आड़े हाथ लेते हुए बाइडन ने गर्भपात के अधिकारों पर जोर दिया। उन्होंने दानदाताओं के महत्व और लोकतंत्र को संरक्षित करने में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

बैठक में भाग लेने वालों ने कहा कि हालांकि कार्यक्रम धन जुटाने के लिए नहीं था, लेकिन यह नये दानदाताओं को अपनी ओर करने का एक नया प्रयास था।

भारतीय मूल के अमेरिकी एवं डेमोक्रेटिक पार्टी के उप राष्ट्रीय वित्त अध्यक्ष अजय जैन भूटोरिया वाशिंगटन डीसी में बैठक में हिस्सा लेने वाले 150 प्रमुख डेमोक्रेटिक दाताओं में से एक थे।

समझा जाता है कि अभियान ने 2024 के चुनाव अभियान के लिए 2 अरब अमरीकी डालर जुटाने का लक्ष्य रखा है। उपराष्ट्रपति हैरिस ने सभी शीर्ष दानदाताओं के साथ व्यक्तिगत रूप से एक-एक करके बात की।

 

 

Source : Agency

पाठको की राय