Sunday, October 25th, 2026

आज से भोपाल एक्सप्रेस हबीबगंज स्टेशन से पूर्व समय से रवाना होगी

भोपाल
 कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के बाद सामान्य जनजीवन के साथ अब ट्रेनें भी पटरी पर लौटने लगी है। रेलवे ने पूर्व में निरस्त की गई कुछ ट्रेनों का फिर से संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके चलते शनिवार (पांच जून) से भोपाल एक्सप्रेस हबीबगंज स्टेशन से अपने पूर्व निधारित समय से रवाना होगी। वहीं छह जून से हबीबगंज जबलपुर- जनशताब्दी आदि ट्रेनें भी बहाल कर दी जाएगी। इन ट्रेनों का संचालन करीब 34 दिन बाद किया जाएगा।यात्रियों को ट्रेन में सफर के दौरान मास्क व शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना होगा। भोपाल एक्सप्रेस व जनशताब्दी एक्सप्रेस को कोरोना के बढ़ते मामले व यात्रियों की कमी के चलते दो अप्रैल को आगामी सूचना तक निरस्त कर दिया गया था।

भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम विजय प्रकाश ने बताया कि रेलवे द्वारा यात्रियों की कमी के कारण निरस्त की गई विशेष गाड़ी संख्या 02155/02156 हबीबगंज-हजरत निजामुद्दीन-हबीबगंज एक्सप्रेस स्पेशल एवं 01272/01271 भोपाल-इटारसी-भोपाल एक्सप्रेस स्पेशल, 02061/02062 हबीबगंज-जबलपुर-हबीबगंज जन शताब्दी एक्सप्रेस स्पेशल की सेवा बहाल की जा रही है। इसमें जहां गाड़ी संख्या 02155 हबीबगंज-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस स्पेशल पांच जून एवं गाड़ी संख्या 02156 हजरत निजामुद्दीन-हबीबगंज एक्सप्रेस स्पेशल छह जून से अपने प्रारंभिक स्टेशन पूर्व समय से गंतव्य के लिए चलने लगेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 01272/01271 भोपाल-इटारसी-भोपाल (वाया बीना-कटनी मुड़वारा-जबलपुर) छह जून से अपने प्रारंभिक स्टेशन से गंतव्य के लिए चलेगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 02061 हबीबगंज-जबलपुर जन शताब्दी एक्सप्रेस स्पेशल सात जून से एवं गाड़ी संख्या 02062 जबलपुर-हबीबगंज जन शताब्दी एक्सप्रेस स्पेशल आठ जून से अपने प्रारंभिक स्टेशन से गंतव्य के लिए चलेगी।

 

#भोपाल एक्सप्रेस

Source : Agency

पाठको की राय