भोपाल मंडल रेल प्रशासन ने लोगों को दी बड़ी राहत, भोपाल-हबीबगंज की प्लेटफॉर्म टिकट अब 20 रुपए में
भोपाल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लोगों को बड़ी राहत मिली है. भोपाल मंडल रेल प्रशासन ने भोपाल और हबीबगंज स्टेशन की प्लेटफॉर्म टिकट 20 रुपए कर दी है. कोरोना वायरस के चलते स्टेशन पर भीड़ कम करने के लिए इन स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म की टिकट 50 रुपए कर दी गई थी. रेल प्रशासन ने भोपाल स्टेशन पर कोरोना की जांच भी शुरू कर दी है.
बता दें, बढ़े हुए टिकट के दामों पर प्रदेश में जमकर बवाल मचा हुआ था. राजनेता से लेकर आम लोग तक सोशल मीडिया पर इसका विरोध कर रहे थे. इसके बाद प्रदेश में सबसे पहले जबलपुर मंडल ने दाम कम किए थे. जबलपुर और मदन महल स्टेशन समेत सभी जगह पर प्लेटफॉर्म टिकट 20 रुपए कर दिया गया था. गौरतलब है कि प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत तय करने का अधिकार डीआरएम के पास होता है.
बता दें, भोपाल स्टेशन पर यात्रियों का आना-जाना सबसे ज्यादा होता है. यहां रोज एक लाख से ज्यादा यात्री होते हैं. इसलिए सावधानी भी उसके मुताबिक ही बरतनी होती है. इस भीड़ को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए भोपाल स्टेशन पर कोरोना की जांच भी की जा रही है. इसके लिए प्लेटफॉर्म नंबर एक पर मेडिकल टीम है. यहां हर यात्री के ब्लड सैंपल लिए जा रहे हैं.
भोपाल से बिलासपुर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. रेलवे प्रशासन भोपाल-बिलासपुर ट्रेन को एक बार फिर शुरू कर रहा है. इसे स्पेशन ट्रेन के रूप में चलाया जा रहा है. यह ट्रेन 19 सितंबर सुबह 10.15 बजे से चलेगी. पहले ये सुबह 8 बजे से चलती थी. इसे भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस स्पेशल नाम दिया गया है. इसकी गाड़ी संख्या 08235 है. ट्रेन भोपाल से चलकर दोपहर 11.06 बजे विदिशा पहुंचेगी. इसके बाद 11.08 बजे विदिशा से प्रस्थान कर दोपहर 11.43 बजे गंजबासौदा पहुंचेगी. फिर 11.45 बजे रवाना होकर 12.13 बजे मंडीबामोरा, दोपहर 1 बजे बीना से अगले दिन सुबह 3 बजे बिलासपुर पहुंचेगी. इसमें स्लीपर के 3, समान्य के 5 और एसएलआर के 2 समेत 10 कोच होंगे.
उलसापुर, पेंड्रा रोड, अनूपपुर, अमलाई, बुढ़ार, शहडोल, बिरसिंहपुर, उमरिया, कटनी मुड़वारा, रीठी, बखलेटा, सलैया, सगोनी, घटेरा, बांदकपुर, दमोह, असलाना, पथरिया, गणेशगंज, गिरवर, मकरोनिया, सागर, नरयावली, इसरवारा, जेरुआखेड़ा, खुरई, बीना, मंडीबामोरा, कल्हार, गंजबासौदा, गुलाबगंज, विदिशा, सांची एवं सलामतपुर स्टेशनों पर रुकेगी.

पाठको की राय