Sunday, October 25th, 2026

गणेशोत्सव में हुआ कोलार सर्वधर्म पुल चौड़ीकरण का भूमिपूजन

भोपाल

राजधानी के मुखर्जी नगर- कोलार की मेन रोड का कायाकल्प करने का काम शुरू हो गया है। कोलार रोड को करीब 15.10 किलोमीटर क्षेत्र को सिक्स लेन बनाया जाएगा। इसी के तहत सर्वधर्म पुल का चौड़ीकरण का काम करीब पांच करोड़ रुपए से किया जा रहा है। यह पुल 13 मीटर चौड़ा और 60 मीटर लंबा बनेगा। आज  इसका भूमिपूजन पूर्व प्रोटेम स्पीकर एवं विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया। एक साल के अंदर इस पुल को बनाकर पूरा किया जाएगा।

मिलेगी हजारों वाहन चालकों को जाम से राहत
कोलार रोड स्थित सर्वधर्म पुल के चौड़ीकरण होने से यहां से निकलने वाले हजारों वाहन चालकों को सुविधा होगी। एक अनुमान के अनुसार पीक आॅवर्स यानी सुबह 10 से 12 बजे और शाम को 6 से 8 बजे यहां से 25 से 30 हजार वाहन गुजरते हैं। ऐसे में कोलार रोड में आवागमन के लिए सबसे ज्यादा उपयोग होने वाले सर्वधर्म पुल में हमेशा जाम की स्थिति बनती है। सिक्स लेन सड़क और ब्रिज चौड़ीकरण के बाद यह समस्या कम होने की संभावना है।

पांच लाख की आबादी को मिलेगी सुविधा
भूमिपूजन अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी-कोलार मुख्य रोड को सिक्स लेन में बदलने का काम जल्द ही पूरा किया जाएगा। इसके टेंडर हो गए हैं। आज ब्रिज के चौड़ीकरण के काम का श्रीगणेश यानी भूमिपूजन किया गया है। सड़क के चौड़ीकरण करने से इस सड़क का उपयोग करने वाली 5 लाख से अधिक की आबादी सहित रेहटी, नसरुल्लागंज, मां सलकनपुर और नर्मदापुरम् जाने वाले हजारों यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।

 

Source : Agency

पाठको की राय