Tuesday, October 20th, 2026

आरडीयू में मिनी स्पोर्टस कॉम्पलेक्स का हुआ भूमिपूजन

जबलपुर। खेल न केवल हमें स्वस्थ रहने में योगदान देकर सक्षम बनाते हैं, वरन वर्तमान युग की संकीर्णतावादी सोच के विरुद्ध हमें निष्पक्ष, सहिष्णु तथा विनम्र बनाकर एक बेहतर मानव संसाधन के रूप में बदलते हैं। वर्तमान समय में लोगों के खेलों के प्रति नजरिये में काफी बदलाव आया है। खेल हमें विभिन्न प्रकार से शिक्षित भी करते हैं। इससे मानवीय मूल्यों का विकास होता है, साथ ही खेलों द्वारा सामूहिक चेतना का भी विकास होता है, क्योंकि खेल की मूल भावना यही होती है, कि अकेले नहीं बल्कि समूह में खेलना, खेल द्वारा नेतृत्व करने की कला का भी विकास होता है। ये विचार कुलपति प्रो. कपिल देव मिश्र ने मंगलवार को विश्वविद्यालय में प्रस्तावित मिनी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के भूमिपूजन कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किए।
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीयू) में महानगरों की तर्ज पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत मध्यप्रदेश के पहले व्यवस्थित मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंट विधानसभा क्षेत्र विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने कहा, कि आरडीयू में बनने वाले इस मिनी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लाभ सीधे तौर पर संस्कारधानी के युवाओं को मिलेगा। जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा बनाए जाने वाले इस मिनी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन कोर्ट (इंडोर), जॉगिंग ट्रैक, जिम्नेशियम एवं प्रशासनिक भवन इत्यादि की सुविधा उपलब्ध होंगी। वर्तमान आवश्यकता के अनुरूप अत्याधुनिक मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण शहरवासियों के लिए बड़ी सौगात होगा। आरडीयू परिसर में सर्व सुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निर्माण संस्कारधानी के लिए गौरव की बात है। भूमिपूजन कार्यक्रम में विवि कुलसचिव प्रो. बृजेश सिंह, विवि शारीरिक शिक्षण विभागाध्यक्ष डॉ. विशाल बन्ने, प्रो. आरके यादव, सीईओ स्मार्ट सिटी निधि सिंह राजपूत, नगर निगम कार्यपालन यंत्री शिवेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

 

Source : Agency

पाठको की राय