Monday, October 19th, 2026

भिंड एसपी की अनूठी पहल, दूल्हा-दुल्हन को देंगे डिनर

भिंड
कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए शादी में कम लोग इकट्ठा हो, इसलिए भिंड प्रशासन ने अच्छी पहल की है। जिसके अनुसार यहां शादी में 10 लोगों के शामिल होने पर नव दंपती को पुलिस अधीक्षक (एसपी) के आवास पर डिनर दिया जाएगा। इस दौरान एसपी अपने परिवार के साथ मौजूद रहेंगे। वहीं, दूल्हा-दुल्हन को एसडीएम सम्मानित करेंगे।

भिंड एसपी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि जिस तरह से कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। उसे देखते हुए यह फैसला लिया गया है। 10 लोगों के साथ शादी करने वाले दूल्हा-दुल्हन को हमारी तरफ से डिनर दिया जाएगा। ऐसा करने से वर-वधू की शादी भी यादगार हो जाएगी और कोरोना गाइडलाइंस का पालन भी हो जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दूल्हा-दुल्हन को आवास पर बुलाने के लिए उनकी तरफ से सरकारी गाड़ी भेजी जाएगी। यह गाड़ी शादी समारोह से वर-वधु को एसपी बंगले लाएगा। यहां डिनर वर-वधू भिंड एसपी के परिवार के साथ करेगा। इसके बाद वाहन पुन: आयोजन स्थल पर छोड़कर आएगा।

प्रशासनिक अधिकारियों ने यह भी अपील की है कि शादी में रिश्तेदार यदि आॅनलाइन शामिल होते हैं तो शादी समारोह कम से कम लोगों की उपस्थिति में संपन्न हो सकता है।

वहीं, एसपी की इस खबर पर एसडीएम लहार भी आगे आए हैं। उन्होंने अनुविभागीय क्षेत्र में पांच-पांच सदस्य वर और वधु पक्ष के साथ शादी समारोह आयोजित होने की अपील की है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जो भी उनकी अपील का पालन करेगा। उसे उत्कृष्ट शादी का सम्मान शासन की तरफ से दिया जाएगा।

 

#Bhind SP

Source : Agency

पाठको की राय