Monday, October 19th, 2026

भिंड पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में पांच बदमाशों को दबोच

ग्वालियर/भिण्ड

जिले की दबोह थाना पुलिस ने रात साढ़े तीन बजे के लगभग शॉर्ट एनकाउंटर में पांच बदमाशों को दबोच लिया है। बताया गया है कि कार्रवाई के दौरान दोनों ओर से जमकर फायरिंग भी हुई, अंतत: चारों ओर से घिर जाने पर बदमाशों ने सरेंडर कर दिया। जिनसे पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है।
दबोह थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम फरदुआ, करियावली, लोटमपुरा, निशार, इकमिली, देवरी समेत कई गांव में किसानों का पिछले कुछ दिनों से बदमाशों से सामना होने की सूचना मिल रही थी। जो किसानों से मारपीट व लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात पिन पॉइंट सूचना मिली, कि उक्त बदमाश फरदुआ व करियावली के हार में छुपे हुए हैं। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को ललकारा, तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जिससे पुलिस द्वारा भी जवाबी फायरिंग की गई। दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग होने के बीच पुलिस ने बदमाशों को चारों ओर से घेर लिया, जिससे एनकाउंटर होने के डर से बदमाशों ने सरेंडर कर दिया।

ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर पहुंची पुलिस
बदमाशों को दबोचने के लिए पुलिस रात दो बजे दबोह थाने से निकली। जो करीब तीन बजे कांक्क्षी मोड़ से आगे देवरी के पास से ट्रैक्टर में बैठकर फरदुआ की ओर गई। बदमाशों के छुपे होने के स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पुलिस ने ट्रैक्टर को छुपा दिया। इसके बाद पुलिस खेतों की पगड़डी के रास्ते छुपते छुपाते फरदुआ व करियावली के हार में पहुंची। यहां एक झोपड़ी के नीचे बदमाश छुपकर बैठे थे। जहां शॉर्ट एनकाउंटर में पुलिस ने बदमाशों को दबोच लिया।

कुएं में फेंकी अधिया
पुलिस से घिरने के बाद बदमाशों ने खेत में बने एक कुएं में अपने पास मौजूद पांचों अधिया फेंक दीं। पुलिस पूछताछ में उन्होंने इसका खुलासा किया। जिससे पुलिस द्वारा कुएं से इन हथियारों को निकालने की कवायद की  जा रही है।

 

Source : Agency

पाठको की राय