Tuesday, October 20th, 2026

भगवंत बोले- मैं पार्टी का सिपाही, पोस्टर चिपकाने को भी तैयार

चंडीगढ़
पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान को सीएम उम्मीदवार घोषित किया है। उनकी इस घोषणा से भावुक हुए भगवंत मान की आंखों में खुशी के आंसू दिखे। वह भावुक होकर अरविंद केजरीवाल के गले लग गए और इस ऐलान के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। भगवंत मान ने कहा कि मैं तो पार्टी का सिपाही हूं। यह जो सम्मान मिला है, मैंने कभी इसके लिए सोचा भी नहीं था। संगरूर लोकसभा सीट से दो बार के सांसद भगवंत मान ने कहा कि मैं लुधियाना के किसी चौक में झाड़ू लगाने को तैयार हूं, बस मेरे पंजाब को सुधार दिया जाए। मैं तो पार्टी का सिपाही हूं, चाहे पोस्टर चिपकाने की ही जिम्मेदारी क्यों न मिले, वह उठाने को तैयार हूं। भगवंत मान ने कहा कि हमारा लक्ष्य तो पंजाब को बचाना है। लेकिन पंजाब को बचाने वाला या तो परमात्मा है या फिर आप यानी पब्लिक। हम तो सिर्फ जरिया ही बन सकते हैं। भगवंत ने कहा कि पंजाब कई बार डिगा है, लेकिन हर बार खड़ा हुआ है। इस बीच अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आपने लंबे समय तक कांग्रेस और अकाली दल को मौका दिया है। अब हमें भी एक बार मौका दिया जाए, यदि हम पंजाब के काम नहीं आते हैं तो फिर अगली बार हमें निकाल कर बाहर कर देना। भगवंत मान को पंजाब का सीएम उम्मीदवार बनाए जाने की अटकलें पहले से ही थीं, लेकिन 'आप' ने इसके लिए रायशुमारी भी कराई थी।

अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान के नाम का ऐलान करने से पहले कहा कि हमारी रायशुमारी में 93 फीसदी लोगों ने सरदार भगवंत मान को सीएम पद के लिए अपनी पसंद बताया है। दूसरे नंबर पर अरविंद केजरीवाल थे, जिन्हें 3 फीसदी लोगों ने अपनी पसंद बताया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'यदि मैं भगवंत मान को अपनी ओर से सीएम उम्मीदवार घोषित कर देता तो लोग कहते कि अरविंद केजरीवाल ने भाई-भतीजावाद किया है। इसलिए हमने पिछले सप्ताह एक फोन नंबर जारी किया ताकि पंजाब के तीन करोड़ लोगों की राय ली जा सके।'

 

 

#Bhagwant

Source : Agency

पाठको की राय