Tuesday, October 20th, 2026

गधी का दूध पीने के फायदे

आज के समय में हम भले बहुत ज्यादा आधुनिक हो गए हैं। लेकिन हमारे सेहतमंद रहने के राज आज भी इतिहास में मौजूद हैं। बताया जाता है कि क्लियोपैट्रा नामक एक रानी थी जो अपनी स्किन का ख्याल रखने के लिए गधी के दूध से नहाया करती थी। वहीं आज के समय में ना जाने कितने ही कॉस्मेटिक या ब्यूटी प्रोडक्ट में गधी के दूध का इस्तेमाल किया जाता है। यही नहीं बहुत सी खाद्य सामग्री जैसे योगर्ट और चीज में भी गधी के दूध का इस्तेमाल किया जाता है।

अगर आपको लग रहा है कि गधी के दूध केवल आपकी स्किन पर ही फायदेमंद हैं तो बता दें कि यह आपकी सेहत पर भी उतना ही लाभदायक सिद्ध होता है। हाल ही में हुई रिसर्च बताती है कि गधी के दूध में ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो रक्त शर्करा, ब्लड सर्कुलेशन, और सूजन जैसी समस्या से भी राहत दिला सकता है। आइए जरा विस्तार से समझते हैं आखिर गधी के दूध के फायदे क्या हैं।

​गधी के दूध के सेहत पर लाभ

आमतौर पर कुछ लोगों को यह थोड़ा अटपटा या अजीब लग सकता है। लेकिन हाल ही में हुए शोध बताते हैं कि जिन लोगों को गाय का दूध एलर्जी करता है उनके लिए गधी का दूध अधिक सुरक्षित होता है। आइए जानते हैं गधी के दूध के कुछ फायदे

​गाय या भैंस का दूध हजम नहीं होता तो इसे पिएं

गधी का दूध सदियों से नन्हे शिशुओं को पिलाया जाता है। इसके अंदर मौजूद पोषक तत्व आपको एलर्जी से बचाकर रखते हैं। यही नहीं वह लोग जो लैक्टोज इंटॉलरेंस की समस्या से पीड़ित हैं और गाय या भैंस का दूध नहीं पी पाते उनके लिए गधी का दूध एक सही विकल्प साबित हो सकता है।

​डायबिटीज में फायदेमंद

ऐसे बहुत से विशेषज्ञ हैं जिनका मानना है कि गधी के दूध में मौजूद प्रोटीन कुछ ऐसे गुण होते हैं जो टाइप 2 डायबिटीज के इलाज में एक अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही यह ग्लूकोज के स्तर को भी नियंत्रित करता है और इंसुलिन के प्रतिरोध में सुधार लाता है। हालांकि अब तक इस पर कोई ठोस रिसर्च नहीं हुई है। लिहाजा इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

​गट हेल्‍थ को बढ़ावा दे

आपको जानकर हैरानी होगी की अन्य दूध के मुकाबले यह लंबे समय तक सुरक्षित रहता है। वहीं वैज्ञानिकों का तो यह तक मानना है कि गधी के दूध में पाया जाने वाले प्रोटीन में एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं, जो आपको पेट से जुड़ी कई समस्याओं से राहत दिलाता है। यही नहीं यह आपकी आंत में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाता है और कई देशों में गधी के दूध से बनी हुई दवाओं का उपयोग काली खांसी से छुटकारा पाने के लिए किया जाता है।

​इम्यून सिस्टम मजबूत कर ब्‍लड फ्लो बढ़ाए

गधी के दूध पर लैब में किए गए एक टेस्ट के दौरान पाया गया है, कि इसके प्रोटीन में कुछ ऐसे गुण होते हैं, जो इम्यून सिस्टम पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। इस दूध के सेवन से शरीर में अधिक शक्तिशाली इम्यून सेल्स निकलने लगते हैं जैसे मैक्रोफेज, नेचुरल किलर सेल्स और साइटोक्सटिक सेल्स आदि।

यह सेल्स आपकी सूजन की समस्या को कम कर सकते हैं। इसके अलावा दूध की वजह से शरीर में नाइट्रिक ऑक्साइड भी रिलीज होने लगता है जिसके कारण शरीर में रक्त प्रवाह भी बेहतर होने लगता है। साथ ही यह रक्त धमनियों में प्लाक को जमने से भी रोक सकता है। कुल मिलाकर यह एक व्यक्ति के पूरे इम्यून सिस्टम को बेहतर करने का काम करता है।

​खूबसूरती निखारने में इसके फायदे

भले ही इतिहास में क्लियोपैट्रा के बारे में लिखा है कि वह गधी के दूध से नहाती थी। लेकिन आज के समय में यही बात शोधकर्ता भी मानते हैं कि गधी के दूध के अंदर मौजूद गुण आपकी स्किन को अधिक लाभ देते हैं। ऐसे बहुत से कॉस्मेटिक प्रोडक्ट हैं जिनके अंदर इसका उपयोग किया जाता है। ताकि स्किन हाइड्रेट रखा जा सके। साथ ही यह भी बताया जाता है गधी के दूध से सूजन की समस्या और इरिटेशन की समस्या भी दूर हो सकती है।

 

Source : Agency

पाठको की राय