Saturday, October 24th, 2026

बेलगाम ट्रक ने 6 लोगों को रौंदा, महिला बैंककर्मी समेत दो की मौत

सीवान 
सीवान के रेल ओवरब्रिज से सटे लक्ष्मीपुर में शनिवार की देर शाम एक अनियंत्रित ट्रक ने छह लोगों को कुचल दिया। इस दुर्घटना में एक महिला बैंककर्मी सहित दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक को क्षतिग्रस्त कर चालक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया है। गंभीर रूप से जख्मी एक अन्य युवक व ट्रक चालक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्गा पूजा को लेकर शहर में भीड़-भाड़ थी। घटना के संबंध में बताया जाता है कि ओवरब्रिज पर उतरने के बाद ट्रक चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया। सबसे पहले स्कूटी से जा रही एक महिला बैंककर्मी को कुचल दिया, इसके बाद उसने दो अन्य बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना के दौरान ट्रक 150 मीटर तक बाइक को घसीटता हुआ ले गया। ट्रैफिक जाम होने के कारण जब उसने ट्रक रोका तो उसमें फंसे लोगों को बाहर निकला गया। इस दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चालक को ट्रक से उतार कर पिटाई कर दी जिससे वह अधमरा हो गया। इतना ही नहीं लोगों ने ट्रक के शीशे तोड़ दिए।

सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची जिसने चालक को अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर रूप से जख्मी युवक का नाम पप्पू यादव है जो हुसैनगंज थाने के गरार गांव निवासी परमात्मा यादव का पुत्र था। दुर्घटना के बाद मौके पर एक क्षतिग्रस्त बाइक व एक स्कूटी गिरी पड़ी है। लेकिन पुलिस ने एक क्षतिग्रस्त बाइक ही मौके से बरामद किया है।दुर्घटना में मृत महिला की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी कृष्ण राम की पुत्री पूजा के रूप में हुई है जो बैंक ऑफ बड़ौदा में पदस्थापित थी। काम करके घर लौट रही थी तभी ट्रक की चपेट में आ गई। एक अन्य मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। समाचार लिखे जाने तक आक्रोशित लोग ट्रक में आग लगा जलाने के प्रयास में घटनास्थल को घेरे हुए हैं।

 

#Belgaum

Source : Agency

पाठको की राय