Friday, October 23rd, 2026

Team India के खिलाफ सीरीज से पहले अफ्रीकी खिलाड़ियों का हुआ कोविड टेस्ट

 नई दिल्ली
 
भारत दौरे पर आयी दक्षिण अफ्रीका टीम ने कोविड-19 के जांच में सभी सदस्यों के निगेटिव रहने के बाद मैदान पर अभ्यास शुरू किया। तबरेज शम्सी और केशव महाराज की स्पिनरों की जोड़ी गेंद को 'सही जगह पर टप्पा' दिलाने के लिए पसीना बहाते दिखी। अनुभवी विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक इस सत्र के दौरान टेंट के पास कुर्सी पर बैठकर स्पिनरों की गेंदबाजी देख रहे थे, तो वहीं शम्सी और महाराज के बाद हरफनमौला एडेन मार्कराम ने भी जमकर स्पिन गेंदबाजी अभ्यास किया।


आईपीएल टीम चेन्नई सुपर किंग्स के हरफनमौला ड्वेन प्रिटोरियस के साथ यह तिकड़ी भारत के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में अहम भूमिका निभा सकती है। पांच साल के बाद टीम में वापसी कर रहे वेन पार्नेल ने अभ्यास के दौरान लंबा स्पैल डाला जबकि रासी वैन डेर डूसन मुख्य कोच मार्क बाउचर की देखरेख में बल्लेबाजी अभ्यास में प्रभावशाली दिखे। बाउचर इसके बाद मार्क यानसेन को बल्लेबाजी से जुड़े सुझाव देते दिखे।  प्रोटियाज (दक्षिण अफ्रीका) दस्ते के सदस्यों ने गुरुवार को आरटी पीसीआर जांच में नेगेटिव आने के बाद यहां के फिरोज शाह कोटला मैदान में अपने वैकल्पिक अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया।
 
टीम के सहयोगी दल के एक सदस्य ने अभ्यास सत्र से इतर पीटीआई-भाषा से कहा, '' टीम के सभी सदस्य जांच में नेगेटिव रहे। आईपीएल से जुड़े खिलाड़ियों को कार्यभार प्रबंधन के रूप में श्रृंखला से पहले कुछ दिनों का ब्रेक दिया जाएगा।''

 

 

#Team India

Source : Agency

पाठको की राय