Saturday, October 24th, 2026

सावन माह के प्रारंभ होने से पहले जिले में झमाझम बारिश से वैनगंगा नदी उफान पर, दीवार गिरने से एक की मौत

सिवनी
सावन माह के प्रारंभ होने से पहले जिले में झमाझम बारिश से वैनगंगा नदी उफान पर है। बीते 24 घंटे के दौरान जिले के बरघाट विकासखंड में सर्वाधिक 7 इंच (174.4 सेंटीमीटर) बारिश दर्ज की गई है। 21 जुलाई की सुबह 8 बजे तक सिवनी व कुरई तहसील क्रमश: 113 सेंटीमीटर तथा 95 सेंटीमीटर लगभग 4 इंच वर्षा रिकाॅर्ड की गई है। शनिवार दोपहर से शुरू हुई बारिश का दौरा रविवार सुबह तक रुक-रुककर जारी रहने से शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र पानी से तरबतर हो गए हैं। वहीं वैनगंगा नदी के उफान में होने से कई रपटों व छोटे पुल से आवागमन अवरुद्ध है। जोरदार वर्षा से इस सीजन में पहली बार वैनगंगा नदी का लखनवाड़ा घाट व छोटा पुल सहित घाट पर बने मंदिर पानी में डूब गए हैं।

हालाकि रविवार सुबह बा‍र‍िश थमने के बाद वैनगंगा नदी में बाढ़ का पानी तेजी से घट रहा है। तेज बारिश के चलते शहर के निचले क्षेत्र में जलभराव की समस्या के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों में जिले में अच्छी बारि‍श का पूर्वानुमान जारी किया है। छपारा विकासखंड में 53 मिमी, धनौरा में 36 मिमी, घंसौर में 35 मिमी, केवलारी में 25 मिमी और लखनादौन में 11 मिमी बार‍िश बीते 24 घंटे में हुई है।

डेढ़ मीटर बढ़ा संजय सरोवर बांध का लेवल
शनिवार दोपहर को हुई बा‍र‍िश का पानी वैनगंगा नदी पर बने संजय सरोवर भीमगढ़ बांध में पहुंचने से बांध का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। बांध का जल स्तर रविवार दोपहर तक 516.90 मीटर हो गया है। हालांकि सुबह बा‍र‍िश का दौर थमने से भीमगढ़ बांध में पानी की आवक कम हो गई है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पानी की आवक में शाम तक इजाफा होने पर बांध के गेट खोलने का निर्णय लिया जाएगा। शनिवार की शाम बांध का जल स्तर 515.30 मीटर था। इधर, अच्छी बार‍िश से बरघाट क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है। धान के सूखे खेत पानी से लबालब हो गए, जिससे धान का पराह लगाने के काम में तेज हो गया है।

दीवार गिरने से एक की मौत
सिवनी के संजय वार्ड में घर की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। शहर में शनिवार दोपहर हुई तेज बार‍िश के दौरान संजय वार्ड निवासी नवीन पुत्र परसराम सोनी (45) के घर की दीवार गिर गई। दीवार के मलवे में दबने से नवीन की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार घर के बगल में स्थित खंडहर मकान के पास से स्कूटी निकाल रहा था, तभी दीवार भरभराकर कर नवीन पर गिर गई। गंभीर रूप से घायल नवीन को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण में उसे मृत घोषित कर दिया।

 

#the Wainganga river was in spate due to heavy rains

Source : Agency

पाठको की राय