Wednesday, October 21st, 2026

रणजी ट्राफी को लेकर BCCI का खास प्लान, 2 चरणों में हो सकता है टूर्नामेंट का आयोजन

 नई दिल्ली

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) रणजी ट्राफी (Ranji Trophy) 2022 को दो चरणों में आयोजित करने की योजना बना रहा है। रणजी ट्राफी का आयोजन 13 जनवरी से किया जाना था लेकिन देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण BCCI ने इस टूर्नामेंट को अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दिया था। हालांकि अब बीसीसीआई अधिकारियों ने बैठक में रणजी ट्रॉफी समेत अन्य घरेलू टूर्नामेंट को शुरू करने के विकल्पों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा कि बोर्ड रणजी ट्रॉफी को 2 चरणों में आयोजित करने की योजना बना रहा है। बैठक में बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और सचिव जय शाह भी मौजूद थे।
 

बीसीसीआई की योजना 27 मार्च से आईपीएल 2022 का आयोजन करने की योजना है और ऐसे में एक चरण में रणजी ट्राफी का आयोजन संभव नहीं लगता है। लेकिन कई राज्य संघों के आग्रह के बाद बोर्ड ने इसको लेकर बैठक में चर्चा की है। अरुण धूमल ने बैठक के बाद समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, 'हम रणजी ट्राफी के आयोजन की संभावना तलाश रहे हैं। जब इसे स्थगित किया गया तब मामले बढ़ रहे थे। अब लगता है कि मामले कम हो रहे हैं। संचालन टीम इस पर काम कर रही है कि क्या हम अगले महीने लीग चरण का आयोजन कर सकते हैं और बाकी टूर्नामेंट बाद में आईपीएल पूरा कर सकते हैं।’’
 

उन्होंने कहा, 'संचालन टीम मौसम के अलावा स्थलों की उपलब्धता और खिलाड़ियों की उपलब्धता पर भी काम करेगी। टूर्नामेंट के आयोजन के लिए हम इच्छुक हैं और इसलिए हम खिलाड़ियों की सुरक्षा से समझौता किए बिना इसके आयोजन के लिए संभावनाएं तलाश रहे हैं।' कोरोना के कारण पिछले सीजन में भी रणजी ट्राफी का आयोजन नहीं किया गया था।

 

#BCCI

Source : Agency

पाठको की राय