Wednesday, October 21st, 2026

IPL से पहले कोरोना के बढ़ते मामलों से बढ़ी BCCI अधिकारियों की चिंता 

नई दिल्ली
 देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर शुरू हो गई है, ऐसे में आईपीएल के 14वें सत्र का आयोजन होने जा रहा है। आईपीएल का पहला मैच 9 अप्रैल से खेला जाएगा। ऐसे में देश में कोरोना के बढ़ते मामलों ने बीसीसीआई की चिंता को बढ़ा दिया है। मुंबई में भी में कोरोना के कई मुकाबले खेले जाएंगे और मुंबई में देश के कोरोना के सबसे अधिक मामले हैं, जिसने आयोजकों की मुश्किल को बढ़ा दिया है। बीसीसीआई और आईपीएल की फ्रेंचाइजी कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से चिंतित नजर आ रही हैं। इंसाइड स्पोर्ट की खबर के अनुसार बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया कि अगर हम यह कहे कि कोरोना के बढ़ते मामले हमे परेशान नहीं कर रहे हैं तो यह कहना गलत होगा। 

बिल्कुल इसको लेकर चिंता है, हम उम्मीद कर रहे हैं चीजें बेहतर हो और हम बेकार से बेकार परिस्थिति के लिए तैयारी कर रहे हैं। यह हमारे नियंत्रण में नहीं है और इसपर काबू नहीं पा सकते हैं। अगर लॉकडाउन लगता है तो हमे उसका सामना करना होगा। लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर अपनी नींद खराब करने का भी कोई मतलब नहीं है। बता दें कि आईपीएल की सभी 8 टीमें तैयारी में जुटी हैं, लेकिन जो टीमें महाराष्ट्र और मुंबई में ठहरी हैं, उनके लिए चिंता का विषय है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम भी मुंबई में ठहरी है। सीएसके की टीम मुंबई के ट्राइडेंट होटल मे ठहरी है। 

सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने कहा कि हम हालात पर पैनी नजर बनाए हैं। हम बीसीसीआई और स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशों का सख्ती से पालन कर रहे हैं। हम भी चिंतित हैं और यह स्वाभाविक है, लेकिन इसको लेकर बहुत परेशान नहीं हो सकते हैं। जो चीजें हमारे नियंत्रण में नहीं हैं उसको लेकर बहुत चिंतित नहीं हो सकते हैं। हमारा कैंप चल रहा है। लॉकडाउन की संभावना से हमारी टीम प्रभावित नहीं है। लेकिन भविष्य में क्या होने वाला है यह हमारे नियंत्रण में नहीं है।
 

 

#IPL

Source : Agency

पाठको की राय