Wednesday, October 21st, 2026

BCCI ने कर दिया साफ, भारत में खेला जाएगा आइपीएल 2022 

चेन्नई
बीसीसीआइ सचिव जय शाह ने शनिवार को पुष्टि की कि आइपीएल 2022 भारत में खेला जाएगा। जय शाह ने चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान कहा, 'मुझे पता है कि आप सभी चेन्नई सुपरकिंग्स को चेपक में खेलते देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वह क्षण बहुत दूर नहीं है, आइपीएल का 15वां सत्र भारत में होगा और नई टीमों के शामिल होने से यह और भी रोमांचक होगा। नया संयोजन कैसा दिखता है, यह देखने के लिए हमारे पास एक बड़ी नीलामी होगी।' आइपीएल 2022 में सीएसके की सफलता के बारे में उन्होंने कहा, 'वर्षों से सीएसके की सफलता का बहुत सारा श्रेय एन श्रीनिवासन को जाता है क्योंकि वह मुश्किल समय में अपनी टीम के साथ खड़े रहे। मुझे यह जोड़ना होगा कि कासी विश्वनाथन गोंद की तरह हैं जो टीम को एक साथ जोड़ते हैं। सत्र दर सत्र उन्होंने टीम को मार्गदर्शित किया है। जब आपके पास एमएस धौनी जैसा कप्तान है तो कोई सीएसके को हल्के में कैसे ले सकता है। धौनी सीएसके के दिल की धड़कन और रीढ़ हैं। माही भारत के अब तक के सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने जो माहौल बनाया है और जो विरासत उन्होंने बनाई है वह लंबे समय तक बनी रहेगी।'

आपको बता दें कि आइपीएल सीजन 2020 का आयोजन पूरी तरह से यूएई में किया गया था और मुंबई इंडियंस चैंपियन बनी थी, लेकिन इसके बाद आइपीएल 2021 का आयोजन भारत में किया जा रहा था। इस साल इवेंट के दौरान कोविड-19 महामारी की चपेट में कई खिलाड़ी आ गए थे और फिर इसे स्थगित करना पड़ा था। फिर आइपीएल 2021 के दूसरे लेग का आयोजन यूएई में सफलता पूर्वक किया गया और इस साल एम एस धौनी की कप्तानी में चौथी बार चेन्नई सुपर किंग्स चैंपियन बनी थी। अब जय शाह के बयान के बाद एक बार फिर से आइपीएल की वापसी भारत में हो जाएगी और ये क्रिकेट फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशी की खबर है। अगले सीजन में दो नई टीमें अहमदाबाद और लखनऊ भी इस लीग में शामिल हो रही है और अब टीमों की कुल संख्या 10 हो गई है। 
 

 

#BCCI

Source : Agency

पाठको की राय