Wednesday, October 21st, 2026

BCCI ने किया टीम इंडिया का ऐलान, यश ढल को सौंपी गई कप्तानी

नई दिल्ली
अखिल भारतीय जूनियर चयन समिति ने 4 जनवरी से 5 फरवरी 2022 तक वेस्टइंडीज में खेले जाने वाले आगामी आईसीसी अंडर-19 मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए 17 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। टूर्नामेंट के 14वें संस्करण में 16 टीमें वर्ल्ड कप में उतरेंगी। टूर्नामेंट में कुल 48 मैच खेले जाएंगे। दिल्ली के बल्लेबाज यश ढल को टीम का कप्तान बनाया गया है। आंध्र प्रदेश के एसके रशीद को उपकप्तान बनाया गया है। हरियाणा के दिनेश बाना और यूपी के आराध्य यादव को बतौर विकेटकीपर टीम में शामिल किया गया है।

चयनकर्ताओं ने पांच स्टैंडबाय खिलाड़ियों को भी वर्ल्ड कप में भेजने का फैसला किया है। ऋषि रेड्डी, उदय सहारन, अंश गोसाई, अमृत राज उपाध्याय और पीएम सिंह राठौर स्टैंडबॉय के तौर पर टीम के साथ जाएंगे। भारत अपने अभियान की शुरुआत 15 जनवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुयाना में करेगा और उसके बाद वह त्रिनिदाद और टोबैगो में 19 और 22 जनवरी को आयरलैंड और युगांडा से भिड़ेगा।

भारत ने 4 बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता है। वो सबसे अधिक बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम है। उसने साल 2000, 2008, 2012 और 2018 में ये टूर्नामेंट जीता है। भारत 2016 में उपविजेता और न्यूजीलैंड में खेले गए पिछले अंडर-19 वर्ल्ड कप में उपविजेता रही थी।
 

 

#BCCI

Source : Agency

पाठको की राय