रायपुर में बैंक डिप्टी मैनेजर ने ग्राहक की FD तुड़वाकर दूसरे खाते में ट्रांसफर किए 14.97 लाख
रायपुर.
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां एक्सिस बैंक के डिप्टी मैनेजर पर ग्राहक की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) तुड़वाकर करीब 14.97 लाख रुपए की हेराफेरी किए जाने का आरोप है। मामले में गंज थाना पुलिस ने डिप्टी मैनेजर समेत दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह पूरा मामला देवेंद्र नगर स्थित एक्सिस बैंक शाखा का है, जहां पीड़ित सुषमा कुमार का खाता है। आरोप है कि बैंक के डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह ने बिना जानकारी और सहमति के फर्जी कस्टमर रिक्वेस्ट फॉर्म के जरिए उसके खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया। इसके बाद 14.40 लाख रुपए से अधिक की FD को समय से पहले बंद कर दिया। FD की रकम बचत खाते में जमा होने के बाद खाते में पहले से मौजूद राशि को मिलाकर कुल करीब 14.97 लाख रुपए गुढ़ियारी स्थित एक निजी फर्म के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए।
जांच में क्या सामने आया ?
जांच में सामने आया कि रकम इंडियन सेल्स के खाते में भेजी गई थी, जिसका संचालन योगेश येडे द्वारा किया जाता है। आरोप है कि इसके बाद चेक और एटीएम के माध्यम से रकम निकाल ली गई।
कैसे हुआ मामले का खुलासा ?
7 अगस्त को जब सुषमा कुमार बैंक पहुंचे और अपने खाते की जानकारी ली, तब मामले का खुलासा हुआ। खाते में गड़बड़ी सामने आने के बाद उन्होंने बैंक प्रबंधन से इसकी शिकायत की। बैंक की आंतरिक जांच में कथित फर्जीवाड़े की पुष्टि होने पर बैंक मैनेजर रितेंद्र रामटेके ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।
FIR दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में बैंक के उप प्रबंधक कुलदीप सिंह और इंडियन सेल्स के संचालक योगेश येडे के खिलाफ FIR दर्ज की है। फिलहाल पुलिस बैंक रिकॉर्ड, चेक और एटीएम ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि कथित धोखाधड़ी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पाठको की राय