Thursday, October 22nd, 2026

बांग्लादेश ने पाकिस्तान को हराकर इतिहास रच दिया, पहले मैच में 10 विकेट से धोया

नई दिल्ली
बांग्लादेश ने रविवार को पाकिस्तान को हराकर इतिहास रच दिया है। नजमुल हुसैन के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की टीम ने पहली बार टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान को हराया है। रावलपिंडी में खेले गए पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 10 विकेट से धोया। इससे पहले बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच कुल 13 टेस्ट मैच खेले गए, जिसमें से 12 मैचों में पाकिस्तान ने जीत दर्ज की थी। बांग्लादेश ने इससे पहले घर के बाहर वेस्टइंडीज, श्रीलंका, जिम्बाब्वे और न्यूजीलैंड को टेस्ट क्रिकेट में हराया था। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने दो मैच की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी छह विकेट पर 448 रन पर घोषित की थी। कप्तान शान मसूद के इस फैसले की प्रशंसा हुई थी लेकिन अब ये फैसला टीम पर भारी पड़ गया है। इसके जवाब में बांग्लादेश ने रहीम की 191 रनों की दमदार पारी की बदौलत अपनी पहली पारी में 565 रन बनाए। बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ पहली पारी में 117 रनों की बढ़त भी हासिल की। यह बांग्लादेश का घर से बाहर तीसरा सबसे बड़ा स्कोर था। उसके बल्लेबाजों ने घास वाली पिच पर चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरने की पाकिस्तान की योजना को विफल कर दिया। पिच बल्लेबाजी के लिए आसान दिख रही है।

पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में भी निराशा किया और लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। पाकिस्तान की टीम दूसरी पारी में सिर्फ 146 रन ही बना सकी और बांग्लादेश को जीत के लिए 30 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे बांग्लादेश ने आसानी से हासिल कर लिया। बांग्लादेश की ओर से दूसरी पारी में जाकिर हसन ने 26 गेंद में 15 और शादमान इस्लाम ने 13 गेंद में नौ रन बनाए। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने बिना विकेट गंवाए टीम को 10 विकेट से जीत दिलाई। दूसरा टेस्ट मैच 30 अगस्त से खेला जाएगा।

 

#Bangladesh defeated Pakistan by 10 wickets

Source : Agency

पाठको की राय