Thursday, October 22nd, 2026

बांग्लादेश ने 45 रन पर 6 विकेट खोकर हासिल किया 216 रन का लक्ष्य

  चटगांव


अफगानिस्तान क्रिकेट टीम इन दिनों बांग्लादेश दौरे पर है. यहां दोनों टीम के बीच तीन वनडे और दो टी20 की सीरीज खेली जाएगी. दौरे का आगाज बुधवार को चटगांव वनडे से हुआ. यह मैच काफी रोमांचक रहा. मैच में एक समय 216 रन का टारगेट चेज करते हुए बांग्लादेश टीम ने 45 रन पर ही 6 विकेट गंवा दिए थे.

यहां से दो बल्लेबाज मेहदी हसन और अफीफ हुसैन ने मोर्चा संभाला और तबाही मचाने वाली पारियां खेलीं. दोनों ने 7वें विकेट के लिए नाबाद 174 रन की पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाई. मेहदी और अफीफ की इन पारियों ने फैंस समेत खेल जगत के कई दिग्गजों को भी चौंका दिया है.

अफगान टीम ने बनाए 215 रन

दरअसल, यह अफगानिस्तान का बांग्लादेश दौरे पर पहला मैच था. इसमें मेहमान टीम अफगान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 215 रन बनाए. टीम के लिए नजिबुल्लाह जादरान ने सबसे ज्यादा 67 रन की पारी खेली. बांग्लादेश के लिए मुस्तफिजुर रहमान ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके. तस्कीन अहमद, शाकिब अल हसन और शौरिफुल इस्लाम को 2-2 सफलता मिली.

बांग्लादेश ने 45 रन पर टॉप-6 बल्लेबाज गंवाए

इसके बाद 216 बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने 13 रन पर पहला और 14 रन पर ही दूसरा विकेट गंवा दिया. मेजबान बांग्लादेश टीम ने 45 रन पर आते-आते अपने टॉप-6 बल्लेबाजों को गंवा दिया था. ना कप्तान तमीम इकबाल चले और ना ही महमुदुल्लाह और शाकिब अल हसन का बल्ला चला. यहां से लगा था कि बांग्लादेश टीम यह मैच गंवा देगी और फैंस ने भी हार ही मान ली थी.

तभी 7वें नंबर पर आए अफीफ हुसैन और 8वें नंबर पर उतरे मेहदी हसन ने क्रीज पर पैर जमा दिए. उन्होंने विकेट को बचाते हुए पारी को तो आगे बढ़ाया, साथ ही रनरेट को संभालकर लेकर चलते रहे. दोनों ने नाबाद 174 रन की पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही लौटे. अफीफ ने 115 बॉल पर नाबाद 93 और मेहदी हसन ने 120 बॉल पर नाबाद 81 रन की पारी खेली. हालांकि, दोनों ने शुरुआत में संभलकर  खेलने के चक्कर में ज्यादा बॉल खेली थीं, लेकिन आखिर में आतिशी पारी खेलते हुए सब संभाल लिया. इनके बदौलत बांग्लादेश ने 48.5 ओवर में 7 बॉल शेष रहते ही मैच 4 विकेट से जीत लिया.

 

#216 रन का लक्ष्य

Source : Agency

पाठको की राय