Wednesday, October 21st, 2026

कॉपियां नहीं जांचने पर 556 शिक्षकों की सैलरी और इंक्रीमेंट पर लगी रोक

भोपाल
स्कूल शिक्षा विभाग ने प्राइमरी और मिडिल स्कूलों के स्टूडेंट्स की कॉपियां नहीं जांचने वाले भोपाल संभाग के 556 शिक्षकों की सैलेरी और इंक्रीमेंट रोक दिए है। भोपाल के संभागीय संयुक्त संचालक राजीव सिंह तोमर ने बताया कि प्रमुख सचिव रश्मि अरुण शमी के निर्देश पर प्राइमरी व मिडिल स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए संभाग के 1595 स्कूलों का तीन दिन तक निरीक्षण किया गया। इस दौरान संभाग के 1365 स्कूलों में स्थिति सही पाई गई। 630 स्कूलों में शिक्षकों का काम असंतोषजनक रहा। इन स्कूलों के 556 शिक्षकों ने स्टूडेंट्स की अभ्यास पुस्तिकाएं नहीं जांची थीं। इनके खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। स्कूलों का निरीक्षण करने वालों में जेडी और डीईओ आॅफिस की अलग-अलग टीमों में संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक संचालक और उपसंचालक शामिल रहे। भोपाल जिले के 220 स्कूलों का निरीक्षण किया गया। जिले के 63 शिक्षकों की सैलरी और इंक्रीमेंट रोक गए हैं। तोमर ने कहा कि विभाग द्वारा शिक्षकों के विरुद्ध की गई अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। 

 

Source : Agency

पाठको की राय