Saturday, October 24th, 2026

बाजपुर: छात्रों के ग्रुप ने हमलाकर एक की ले ली जान, दो छात्र गुटों में चली आ रही पुरानी रंजिश

बाजपुर
पुरानी रंजिश में एक गुट के छात्रों ने जानलेवा हमला बोल कर दूसरे गुट के छात्रों में शामिल युवक की जान ले ली। सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। वहीं घटना की जानकारी से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। हादसे के बाद हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

बुधवार की दोपहर में मुख्य मार्ग स्थित मुंडिया तिराहा के किनारे स्थापित एक जूस कॉर्नर के सामने अचानक मुंह पर कपड़ा बांधे आधा दर्जन अज्ञात युवकों ने ग्राम रामनगर निवासी विशाल पत्र रमेश चंद को घेर लिया और बेरहमी से उसकी पिटाई करना शुरू कर दिया। जब तक आसपास के दुकानदार कुछ समझ पाते हमलावर विशाल को मरणासन्न स्थिति में छोड़कर फरार हो गए।

व्यापारियों की मदद से बुरी तरह घायल विशाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई विक्रम सिंह धामी, एसआई राकेश कथायत, एसआई भगवान गिरी गोस्वामी आदि मय फोर्स के घटनास्थल व सरकारी अस्पताल पहुंच गए और शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की तैयारी शुरू कर दी। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में इधर-दौड़ दौड़ लगाना शुरू कर दिया है। अभी तक आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। वहीं घटना की सूचना मिलने पर मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया है और कुछ ही देर में काफी संख्या में परिवार के लोग तथा अन्य ग्रामीण सरकारी अस्पताल पहुंच गए।

पिछले चार माह से चली आ रही है रंजिश
दोराहा बाजपुर के नजदीक स्थित मदर इंडिया पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत कक्षा-12 के छात्रों के दो गुटों में आपसी बात को लेकर पिछले करीब चार माह से रंजिश चली आ रही है। बताया जाता है कि इस को लेकर छात्रों के दोनों गुट पूर्व में कई बार मिल चुके हैं। पिछले दिनों कुछ गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में छात्रों के बीच समझौता होने की बात कही जा रही है।

 

#Bajpur

Source : Agency

पाठको की राय