Thursday, October 22nd, 2026

आजमगढ़ के सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सांसद निधि से दिये एक करोड़ रुपये

 

आजमगढ़. कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच अस्पतालों में सुविधाओं के विस्तार के लिए जन प्रतिनिधियों ने अब अपनी निधि की तिजोरी खोल दी है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और आजमगढ़ के सांसद अखिलेश यादव ने जहां एक करोड़ रूपये, वहीं अतरौलिया के विधायक डॉ संग्राम यादव और सदर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव ने 25-25 लाख रूपये की पेशकश की है. सभी जनप्रतिनिधियों ने जिले में ऑक्सीजन, मेडिकल उपकरण आदि समानों के लिए यह धनराशि जारी की है.

कोरोना के बढ़ते संक्रंमण के कारण जिले में बेड की कमी हो गई है. जिला प्रशासन बेड की व्यवस्था करने में जुटा हुआ है लेकिन ऑक्सीजन आदि की व्यवस्था हर जगह न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में सरकार की ओर से विधायकों को अपनी निधि इसके लिए देने की छूट प्रदान की गई है. सरकार द्वारा मिली छूट के बाद आजमगढ़ के सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक करोड़ रुपये दिये हैं. इनके अलावा अतरौलिया के विधायक संग्राम यादव व सदर विधायक व पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने 25-25 लाख रुपये अपनी निधि से दिए हैं.

सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में महामारी से जूझ रहे लोगों के ऑक्सीजन प्लांट, बेड, मेडिकल उपकरण आदि के लिए धनराशि जारी की हैं. विधायक संग्राम सिंह यादव ने कहा कि महामारी के कारण अस्पतालों में इंतजाम की कमी को देखते हुए आजमगढ़ के सांसद ने एक करोड़ रुपये दिये हैं. उन्होंने अपने क्षेत्र के 100 शैया अस्पताल में आक्सीजन प्लांट व मेडिकल उपकरण, दवाओं के लिए 25 लाख रूपये दिए हैं. जिससे की जिले व क्षेत्र की जनता को तेजी के साथ स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया हो सकें.

 

Source : Agency

पाठको की राय