Monday, October 19th, 2026

अयोध्‍या के कमिश्‍नर और 5 जिलों के डीएम बदले, चुनाव से पहले 13 IAS अफसरों के तबादले 

लखनऊ
यूपी में 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले की खबर है। इनमें अयोध्‍या और देवी पाटन मंडल के कमिश्‍नर और पांच जिलों के डीएम शामिल हैं। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक नवदीप रिनवा को अयोध्या मंडल का नया कमिश्‍नर बनाया गया है। जबकि यहां तैनात रहे एमपी अग्रवाल को देवीपाटन माडल का कमिश्‍नर नियुक्‍त किया गया है। गौरतलब है कि अयोध्‍या में जमीन खरीद मामले में इनका नाम आया था। आजमगढ़, मऊ, बलिया, अमेठी और शाहजहांपुर के डीएम भी बदल गए हैं। अमेठी के डीएम रहे अरुण कुमार को मऊ का डीएम बनाया गया है। विशेष सचिव खाद्य एवं रसद राकेश कुमार मिश्रा अमेठी के डीएम बनाए गए हैं। डीएम आजमगढ़ रहे राजेश कुमार अब मुख्य सचिव के स्टाफ अफसर होंगे। मुख्य सचिव के स्टाफ अफसर रहे अमृत त्रिपाठी को आजमगढ़ का डीएम बनाया गया है। बलिया की डीएम अदिति सिंह को अपर आयुक्त वाणिज्य कर बनाया गया है। 

शाहजहांपुर के डीएम रहे इंद्र विक्रम सिंह अब बलिया के डीएम होंगे। निदेशक भूमि अध्याप्ति, राजस्व परिषद के पद पर तैनात रहे उमेश प्रताप सिंह को डीएम शाहजहांपुर बनाया गया है। इसके अलावा प्रतीक्षारत रहीं प्रेरणा सिंह को सीडीओ हापुड़ बनाया गया है। मऊ के डीएम रहे अमित सिंह बंसल को विशेष सचिव नगर विकास तथा मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन द्वितीय बनाया गया है। ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण के परियोजना प्रशासक श्रीहरि प्रताप शाही को विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक के पद पर तैनाती दी गई है। इसके अलावा आगरा में तैनात ज्वाइंट मजिस्ट्रेट लक्ष्मी एन को इसी पद पर कानपुर नगर भेजा गया है। 
 

 

#Ayodhya commissioner

Source : Agency

पाठको की राय