Monday, October 19th, 2026

टला हादसा:शंटिंग के दौरान यात्री ट्रेन का इंजन टकराया बोगी से

इटारसी
 मंगलवार तड़के इटरसी जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर श्रीधाम एक्सप्रेस बड़े हादसे का शिकार होने से बच गई। सुबह 4:26 मिनिट पर हजरत निजामुद्दीन से जबलपुर जाने वाली 12291 श्रीधाम एक्सप्रेस यहां आकर रुकी। प्लेटरफार्म पर शंटिंग के दौरान इंजन लगाते समय कोच और इंजन की जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में इंजन के पीछे लगा कोच क्षतिग्रस्त हो गया। इससे रेलवे ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। श्रीधाम एक्सप्रेस में इंजन लगाने में लापरवाही से हादसा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार इंजन ट्रेन में लगाने के समय कोच से 20 मीटर की दूरी पर इंजन को रोका जाता है, फिर धीरे से इंजन कपलिंग से कोच से जोड़ा जाता है। लेकिन इंजन के ड्राइवर ने तेजी से इंजन पीछे कर लिया, इस वजह से इंजन और कोच टकरा गए।


घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन पर अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद ट्रेन से क्षतिग्रस्त हुई बोगी को आनन-फानन अलग किया गया। हादसे की वजह से ट्रेन 54 मिनिट प्लेटफार्म पर खड़ी रही। इंजन से टकराई बोगी में अंदर गार्डयान, दिव्यांग सीट, जनरल और पार्सलयान अटैच था। हादसे के बाद बोगी को ट्रेन से अलग कर अंदर रखे 47 पार्सलों को दूसरी ट्रेन में शिफ्ट किया गया। हादसे की वजह से करीब एक घन्टा देरी से 5:35 मिनिट पर ट्रेन यहां से चलाई गई। रेलवे प्रबंधन ने प्लेटफार्म तीन पर हुए हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं।

 

#टला हादसा

Source : Agency

पाठको की राय