Wednesday, October 21st, 2026

अवधेश प्रसाद ने बीजेपी के दो बार के सांसद लल्लू सिंह को करारी हार दी, कहा-हमसे बड़ा राम भक्त तो कोई नहीं हो सकता

अयोध्या
फैजाबाद (अयोध्या) लोकसभा सीट के परिणाम आने के बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस सीट से अवधेश प्रसाद ने बीजेपी के दो बार के सांसद लल्लू सिंह को करारी हार दी है। इस पर अवधेश प्रसाद का कहना है कि अयोध्या किसी की बपौती नहीं है, ये प्रभु श्री राम की धरती है। उन्होंने कहा कि हमसे बड़ा राम भक्त तो कोई नहीं हो सकता। मेरे दादा के नाम में राम, मेरे पिता के नाम में राम, मेरे भाई के नाम में राम, मेरे ससुर के नाम में राम, मैं खुद अयोध्या का रहने वाला हूं. मुझसे ज्यादा भगवान राम के करीब और कौन हो सकता है? अवधेश प्रसाद ने कहा कि आप मुझे राम-राम से अभिवादन करें या 'जय श्री राम' कहकर अभिवादन करें, मुझे दोनों स्वीकार है। मैं भेदभाव या बांटने वाली राजनीति नहीं करता।

'अखिलेश हमेशा मुझे अपने बगल में बिठाते हैं'
एक निजी चैनल पर इंटरव्यू में सपा सुप्रीमो को धन्यवाद देते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि अखिलेश जी ने मुझे सामान्य सीट से चुनावी मैदान में उतारा। 6 महीने पहले उन्होंने मुझसे कहा था कि मैं आपको सम्मान देना चाहता हूं। वह हमेशा मुझे अपने बगल में बिठाते हैं। कोलकाता भी ले गए तो मुझे साथ में ले गए। राष्ट्रीय कमेटी में जब बिठाया तो मुझे बगल में बिठाया। विधानसभा में भी मैं उनके बगल में बैठता हूं। मैंने उनसे कहा कि 'आप हमेशा मुझको सम्मान देते हैं।

'जो राम को लाए हैं...' के नारे पर सपा सांसद ने कसा तंज
अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि 'मैं प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ भी अयोध्या से चुनाव लड़ने को तैयार था अगर वह आते। चर्चा भी थी कि प्रधानमंत्री मोदी खुद अयोध्या से उम्मीदवार होंगे। मैं भी खुश था कि पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा। 'जो राम को लाए हैं...' के नारे पर तंज कसते हुए अवधेश प्रसाद ने कहा कि बताइए भला ये लोग भगवान के साथ ऐसा करते हैं। वहीं, बीजेपी की हार पर अयोध्या के लोगों पर कथित तौर पर गलत कमेंट करने वालों पर भी अवधेश प्रसाद ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि जो भी लोग अयोध्या हारने पर कमेंट कर रहे हैं। दरअसल वह लोग अयोध्या को जानते नहीं हैं। आम अयोध्यावासी बहुत परेशान था, लेकिन श्रद्धालु और पर्यटक में अंतर होता है।

अयोध्या में लोगों की दुकानें तोड़ी गईं, मुआवजे नहीं दिए गए- सपा सांसद
अवधेश प्रसाद ने कहा कि अयोध्या किसी की बपौती नहीं है, ये धरती प्रभु श्री राम की है। चौड़ी सड़के, हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन ये सब तो ठीक है, लेकिन अयोध्यावासी क्या एयरपोर्ट का इस्तेमाल करेंगे। अयोध्या में लोगों को बहुत तकलीफ हुई, लोगों के दुकानें तोड़ी गईं, मुआवजे नहीं दिए गए। बड़े प्रोजेक्ट के नाम पर किसानों की जमीन पर सरकार की तलवार लटक रही है, इन सबका गुस्सा लोगों में था। वहीं, अपने ऊपर खतरे की आशंका को लेकर उन्होंने कहा कि जाको राखे साइयां मार सके ना कोई। हमारे ऊपर भगवान राम और हनुमान जी की कृपा है तो कोई मेरा बाल बांका नहीं कर सकता।

 

#Awadhesh Prasad

Source : Agency

पाठको की राय