Thursday, October 22nd, 2026

जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता से आम आदमी की आर्थिक स्थिति होगी मजबूत

धमतरी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा आज प्रदेश भर के नगरीय निकायों में धन्वंतरि जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स का वर्चुअल शुभारम्भ किया। प्रदेश भर के 169 शहरों सहित धमतरी नगर में भी आज दो जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स का आगाज हुआ, जहां पर नगरवासियों ने जेनेरिक दवाइयां खरीदीं। स्थानीय आमातालाब रोड स्थित पंढरीराव कृदत्त इनडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में महापौर, कलेक्टर सहित आम लोगों ने भी जेनेरिक दवाइयां ली।

उक्त जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स में दवा खरीदने आईं शहर के निजी स्कूल की संचालिका श्रीमती सूर्यप्रभा चेटियार ने बताया कि उन्होंने ओमी और कैल्शियम की दवा यहां पर खरीदी, जो 55 रूपए और 85 रूपए में मिली, जबकि यही दवा दूसरी कंपनी से खरीदने पर क्रमश: 108 और 160 रूपए में मिलती है। इस प्रकार लगभग आधी कीमती में ही जेनेरिक दवाई समान गुणवत्ता में मिल रही है। श्रीमती चेटियार ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन की इस पहल से आम लोगों की आर्थिक स्थिति काफी मजबूत होगी और विभिन्न बीमारियों में लगने वाली भारी-भरकम कीमतों वाली दवाइयों के बोझ से निजात मिलेगी। कम दाम में सही दवाई के मुहैया होने से विशेष तौर पर निचले और गरीब तबके के लोगों के लिए यह योजना वरदान साबित होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा लगातार ऐसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं जो वास्तव में अंतिम पंक्ति के आदमी तक पहुंच सुनिश्चित होगी और दवाओं पर होने वाले अनावश्यक खर्च से बचाई गई राशि को लोग अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में लगा पाएंगे। इस अवसर पर महापौर विजय देवांगन, कलेक्टर पी.एस. एल्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी जेनेरिक दवाइयां खरीदकर नगरवासियों को प्रोत्साहित किया।

 

#common man

Source : Agency

पाठको की राय