Thursday, October 22nd, 2026

आखिरी ODI जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज 2-1 की अपने नाम

 नई दिल्ली
 ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का आखिरी और निर्णायक मैच छह विकेट से अपने नाम कर सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लिया। बारबाडोस में खेले गए सीरीज के आखिरी मैच में वेस्टइंडीज की टीम महज 152 रनों पर सिमट गई, ऑस्ट्रेलिया ने 30.3 ओवर में महज चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया का वेस्टइंडीज दौरा भी खत्म हो गया। इससे पहले दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली गई थी, जिसे वेस्टइंडीज ने 4-1 से अपने नाम किया था। ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज के निर्णायक मैच में टॉस जीतकर वेस्टइंडीज को बल्लेबाजी का मौका दिया। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने कैरेबियाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका ही नहीं दिया।

वेस्टइंडीज की ओर से एविन लुइस ने सबसे ज्यादा 55 रनों की पारी खेली, उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रनों के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सका। वेस्टइंडीज की ओर से कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी निभा नहीं पाया और इसका खामियाजा टीम को मैच गंवाकर भुगतना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल स्टार्क ने तीन विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच रहे एश्टन एगर ने 10 ओवर में महज 31 रन खर्चकर शाइ होप और डैरेन ब्रावो के विकेट झटके। जोश हेजलवुड, एडम जाम्पा ने भी दो-दो विकेट लिए, जबकि एक विकेट एश्टन टर्नर के खाते में गया। लुइस 66 गेंद पर 55 रन बनाकर नॉटआउट लौटे।
 

 

#आखिरी ODI

Source : Agency

पाठको की राय