Wednesday, October 21st, 2026

अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाया ऑस्ट्रेलिया

नई दिल्ली
एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट मैच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) पर खेला जा रहा है। मैच के पहले दिन बारिश के चलते महज 46.5 ओवर का ही खेल हो सका। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और अच्छी शुरुआत के बाद मेजबान टीम की पारी कुछ लड़खड़ा सी गई। दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट पर 126 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ और उस्मान ख्वाजा नॉटआउट लौटे हैं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से डेविड वॉर्नर, मार्कस हैरिस और मार्नस लाबुशेन तीनों ही अच्छी शुरुआत के बाद बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। इंग्लैंड की ओर से स्टुअर्ट ब्रॉड, जेम्स एंडरसन और मार्क वुड ने एक-एक विकेट लिया है। वॉर्नर और हैरिस ने पहले विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी निभाई। वॉर्नर अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन ब्रॉड ने ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया। टेस्ट क्रिकेट में यह 13वां मौका था, जब ब्रॉड ने वॉर्नर को आउट किया है। इसके बाद हैरिस और लाबुशेन ने मिलकर स्कोर 100 रनों के पार पहुंचाया। 11 रनों पर हैरिस के रूप में ऑस्ट्रेलिया ने दूसरा विकेट गंवाया, हैरिस 38 रन बनाकर आउट हुए। एंडरसन की गेंद पर हैरिस ने कप्तान जो रूट को कैच थमाया। कुछ ही देर बाद मार्क वुड ने लाबुशेन को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर ढकेल दिया।

ऑस्ट्रेलिया ने अपना तीसरा विकेट 117 रनों के स्कोर पर गंवाया। लाबुशेन 28 रन बनाकर आउट हुए। स्मिथ छह और ख्वाजा चार रन बनाकर खेल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया पहले तीन टेस्ट मैच जीतकर एशेज सीरीज पर 3-0 से विजयी बढ़त बना चुका है। इंग्लैंड टीम इस सीरीज के दौरान अपने खराब खेल के लिए काफी आलोचनाओं का सामना कर चुकी है। बचे हुए दो टेस्ट में जो रूट एंड कंपनी अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए खेलेगी। 
 

 

#Australia

Source : Agency

पाठको की राय