Tuesday, October 20th, 2026

सरकार पर हमला कर बोले कमलनाथ बिजली के बिल मार रहे करंट और कोयला किया गायब

भोपाल
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज बिजली मुद्दे को लेकर सरकार पर हमला बोला है। कमलनाथ ने कहा कि हमारी सरकार में हमने कभी नहीं कहा कि बिजली कम जलाओ, हमने तो कहा खूब जलाओ और बिल हमारी सरकार भरेगी। वहीं देवास जिले के बागली विधानसभा क्षेत्र में कमलनाथ ने नेपावर हत्याकांड का मामला उठाते हुए सीबीआई जांच की मांग की है।  कमलनाथ आज खंडवा लोकसभा क्षेत्र के बागली विधानसभा के पुंजापुर पहुंचे। जहां पर उन्होंने आरोप लगाया कि नेमावर हत्याकांड, खरगौन कांड, नीमच कांड की जांच सीबीआई से होना चाहिए। जब तक इन मामलो की जांच सीबीआई को नहीं सौंपी जाएगी, पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा। जब तक न्याय नहीं मिलेगा तब तक भाजपा सरकार के माथे पर लगा यह दगा धूल नहीं सकेगा।

गौरतलब है कि कुछ महीनों पहले नेमावर में एक ही परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच कांग्रेस सीबीआई से करवाने की लगातार मांग कर रही है। पुंजापुर रवाना होने से पहले कमलनाथ ने भोपाल में कहा कि कांग्रेस की सरकार ने इंदिरा गृह ज्योति योजना के तहत हमने प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं को सौ रुपए में सौ यूनिट बिजली दी थी, किसानों को आधी दर पर बिजली दी थी, इन्हें सब्सिडी दी थी। हमने प्रदेश की जनता से यह कभी नहीं कहा कि कम बिजली जलाओ। आज भाजपा सरकार हमारी योजना पर झूठ परोसकर श्रेय लेने की कोशिश कर रही है। प्रदेश में सच्चाई यह है कि लोगों को भारी भरकम बिल कितना करंट मार रहे हैं, बिजली घंटो गायब है, कोयला गायब है, बिजली उत्पादन की इकाईयां बंद पड़ी हुई हैं।

 

 

#government#Kamal Nath

Source : Agency

पाठको की राय