राजस्थान में अचानक खराब हो गई अतीक की गाड़ी, ढाई घंटे तक फुल टेंशन में रहा माफिया
प्रयागराज
अहमदाबाद की साबरमती जेल से प्रयागराज लाए जा रहे माफिया अतीक अहमद की गाड़ी अचानक राजस्थान में खराब हो गई। जेल से निकलते ही अपनी जान को लेकर खतरा बता रहा माफिया इससे काफी टेंशन में आ गया। अगले ढाई घंटे तक वह बेहद तनाव में दिखा। इस दौरान राजस्थान पुलिस भी वहां मौजूद रही। गाड़ी बनने के बाद यूपी पुलिस अतीक को लेकर वहां से रवाना हुई। अतीक के बुधवार यानी आज दोपहर तक प्रयागराज पहुंचने की उम्मीद है।
प्रयागराज पुलिस उसे लेकर मंगलवार दोपहर में लगभग दो बजे चली थी। शाम को करीब पांच बजे राजस्थान के डूंगरपुर में कैदी वाहन खराब हो गया। गाड़ी में तकनीकी खराबी आने से वहीं के बिछीवाड़ा थाने पर पुलिसकर्मियों ने अतीक की गाड़ी रोक दी। राजस्थान पुलिस वहां मदद के लिए पहुंच गई। इस दौरान अतीक को कैदी वाहन में ही रहने दिया गया। उसकी सुरक्षा में राजस्थान पुलिस भी लगी रही। गाड़ी बनने तक वहीं इंतजार करना पड़ा। करीब ढाई घंटे के बाद अतीक को लेकर पुलिस वहां से रवाना हुई।
नैनी जेल में बेटे से दूर रहेगा अतीक अहमद
जेल से अतीक को लाकर पुलिस नैनी जेल में रखेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि बुधवार दोपहर बाद ही अतीक अहमद प्रयागराज पहुंचेगा। उस वक्त उसकी कोर्ट में पेशी होना संभव नहीं होगा। इसलिए उसे नैनी जेल में रखा जाएगा। गुरुवार को अतीक अहमद और अशरफ की कोर्ट में पेशी होगी। इस बीच जेल प्रशासन ने अतीक अहमद की सुरक्षा का पूरा इंतजाम कर लिया है। जेल में बंद अतीक के बेटे अली को अलग बैरक में रखा जाएगा। जेल में पिता-पुत्र की मुलाकात नहीं हो पाएगी। पिछली बार अतीक अहमद को पुराने महिला बैरक में रखा गया था। महिला बैरक को ही विशेष सेल बनाया गया है। वहीं पर बाहर से आने वाले बंदियों को क्वारंटाइन किया जाता है।
असद के दोस्तों से सुराग जुटा रही पुलिस
दिल्ली में असद को शरण देने के आरोप में पकड़े गए दो युवकों से पूछताछ जारी है। प्रयागराज पुलिस और एसटीएफ दोनों आरोपियों से जानकारी जुटा रही है कि उनका असद से कब से संबंध है। अब तक पुलिस को पता चला है कि बरेली जेल में बंद अशरफ की दिल्ली के हैदर से दोस्ती थी। अशरफ के कहने पर हैदर ने असद के रहने का इंतजाम कराया था। दिल्ली की स्पेशल सेल ने हैदर को आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हैदर से पूछताछ के बाद असद के दो करीबी पकड़े जिन्होंने असद को शरण दी थी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही असद फरार हो चुका था।
अतीक अहमद से पूछे जाएंगे ये प्रमुख सवाल
-पत्नी शाइस्ता परवीन और बेटा असद कहां छिपे हुए हैं?
-उमेश पाल की हत्या क्यों कराई, सिर्फ सजा या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है?
-हत्या से पहले आईफोन कहां से आया, किसने विदेशी पिस्टल की सप्लाई की थी?
-बमबाजी करने वाला गुड्डू मुस्लिम मेरठ में छिपने के बाद कहां चला गया?
-पांच लाख फरारी शूटरों ने वारदात के बाद किसके घर पर शरण ली, कौन है मददगार?
-72 लाख रुपये किसने दिए थे? जिसे पुलिस ने कार्यालय से बरामद किया था।
-अहमदाबाद जेल में किसकी मदद से फोन इस्तेमाल कर रहे थे?
-प्रयागराज में किस-किस बिल्डर से उसकी मिलीभगत है, जो उसे रुपये पहुंचाते हैं?

पाठको की राय