अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान और क्रिस्प मिलकर पूरा करेंगे आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश का लक्ष्य
भोपाल
अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान (एआईजीजीपीए) एवं क्रिस्प भोपाल दोनों ही आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश बनाने हेतु संकल्पित हैं। इसी सम्बंध में एआईजीजीपीए एवं क्रिस्प के मध्य अनुबंध हुआ है।
डॉ. श्रीकान्त पाटिल, अध्यक्ष, क्रिस्प सोसायटी एवं प्रो. सचिन चतुर्वेदी उपाध्यक्ष एआईजीजीपीए की उपस्थिति में क्रिस्प के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश शर्मा एवं एआईजीजीपीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमन शुक्ला ने इस अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।
एआईजीजीपीए के उपाध्यक्ष प्रो. सचिन चतुर्वेदी ने बताया कि शासन की मंशा अनुसार "एक जिला-एक उत्पाद" पद्धति पर कार्य किया जायेगा। इससे स्थानीय शिल्प को संरक्षण एवं विकास होगा। कला को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इस सम्बन्ध में भी दोनों संस्थाएँ मिलकर कार्य करेंगी।
क्रिस्प के अध्यक्ष डॉ. पाटिल ने हस्ताक्षरित अनुबंध के मुख्य उद्देष्य के सम्बन्ध में बताया कि मध्यप्रदेश में विभिन्न संस्थाएँ शासन के लक्ष्य आत्म-निर्भर भारत को पूर्ण करने हेतु कार्य कर रही हैं। ऐसी सभी संस्थाओं को एकसाथ जोड़कर सुनियोजित ढंग से लक्ष्य की प्राप्ति की ओर प्रयास किए जायें। उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग किया जाये, जिससे सफलता शीघ्र प्राप्त हो सके। इस एमओयू के तहत दोनों संस्थाएँ नीति विष्लेषण एवं अनुसंधान के क्षेत्र में भी कार्य करेंगी।
श्री लोकेश शर्मा, एडिशनल सी.ई.ओ. एआईजीजीपीए द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर एआईजीजीपीए के संचालक गिरीश शर्मा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

पाठको की राय