Saturday, October 24th, 2026

झारखंड में अर्जुन मुंडा के समर्थन में असम के सीएम सरमा ने किया प्रचार, बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर जताई चिंता

खूंटी/रांची.

झारखंड में चुनाव प्रचार के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा शनिवार को बांग्लादेश से घुसपैठ को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने विशेष रूप से झारखंड में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पर इसके प्रभाव पर प्रकाश डाला। एक रैली को संबोधित करते हुए सीएम सरमा ने कहा कि घुसपैठिए अक्सर आदिवासी महिलाओं से शादी करके जमीन हासिल कर लेते हैं। ये घुसपैठिए फिर आदिवासी महिलाओं के अधिकारों पर नियंत्रण करते हैं।

भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "मैंने पहली बार इसे असम में प्रत्यक्ष रूप से देखा, जहां 40 फीसदी आबादी बांग्लादेशी घुसपैठिए की है। यह बंगाल की स्थिति को दर्शाती है। हमारे भविष्य की सुरक्षा के लिए झारखंड में इस तरह की स्थिति को रोकना होगा। हमें झारखंड में जबरन धर्मांतरण पर आवाज उठाना चाहिए। इन चुनौतियों से निपटने के लिए केंद्र में भाजपा सरकार का चुनाव करना आवश्यक है।"

अर्जुन मुंडा के समर्थन में सीएम सरमा ने किया चुनाव प्रचार
असम के सीएम भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए खूंटी विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण वह क्षेत्र में पहुंच नहीं पाए। उन्होंने फोन के जरिए रैली को संबोधित किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की आलोचना करते हुए सीएम सरमा ने कहा, "झारखंड में जितनी नकदी बरामद हो रही है, उससे यह स्पष्ट है कि राज्य में कितना भ्रष्टाचार है। जब एक मंत्री के निजी सचिव के घरेलू सहायक से 35 करोड़ रुपये की वसूली हो सकती है, तो यह भ्रष्टाचार के पैमाने को दर्शाता है। मैं आपसे अपील करता हूं कि यहां से भ्रष्टाचार को जड़ से हटाने के लिए भाजपा को वोट दें।" बता दें कि खूंटी में 13 मई को मतदान होने वाला है। 2019 के लोकसभा चुनाव में अर्जुन मुंडा ने 1445 वोटों के मामूली अंतर से जीत हासिल की थी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार कालीचरण मुंडा को हराया था। इस क्षेत्र से एक बार फिर ये दोनों नेता एक-दूसरे के आमने सामने हैं।

 

#Bangladeshi infiltrators#hemanta viswa Sarma

Source : Agency

पाठको की राय