Tuesday, August 25th, 2026

एशियाई खेल 2026: नीरज चोपड़ा की अगुआई में उतरेगा भारत, 492 सदस्यीय दल को मंजूरी

 नई दिल्ली
 राष्ट्रमंडल खेलों का रोमांच खत्म होने के बाद अब खेल प्रेमियों पर एशियाई खेलों का रंग चढ़ने वाला है। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से एशियाई खेल 2026 का आगाज होगा, जो चार अक्टूबर तक चलेंगे।

खेल मंत्रालय ने इन खेलों के लिए 492 सदस्यीय भारतीय दल को मंजूरी दी है। इसमें 73 एथलीट शामिल हैं, जो भारत का सबसे बड़ा दल है। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा एशियाई खेलों में भारतीय एथलेटिक्स टीम की अगुआई करेंगे। वह पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर खिताबी हैट्रिक पूरी करने के इरादे से उतरेंगे।

भारतीय एथलेटिक्स दल में हांगझोउ एशियाई खेलों के 16 पदक विजेताओं को शामिल किया गया है, जिनमें पांच व्यक्तिगत चैंपियन अपने खिताब का बचाव करेंगे। टीम में हांगझोउ 2023 के स्वर्ण पदक विजेता अविनाश साबले, तजिंदरपाल सिंह तूर, पारुल चौधरी और अन्नू रानी भी शामिल हैं, जो एशियाई खेलों में अपने-अपने खिताब बरकरार रखने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे।

साबले की वापसी
हांगझोउ में पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज में स्वर्ण और 5000 मीटर में रजत पदक जीतने वाले अविनाश साबले चोट से प्रभावित दौर के बाद वापसी करेंगे। तजिंदरपाल सिंह तूर पुरुषों की शॉटपुट स्पर्धा में लगातार तीसरा एशियाई खेल स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य से उतरेंगे। वहीं, पारुल चौधरी 1500 मीटर, 5000 मीटर और 3000 मीटर स्टीपलचेज की तीन स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी। हांगझोउ में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पुरुष 4x400 मीटर रिले टीम के सदस्य राजेश रमेश को भी टीम में जगह मिली है।

हांगझोउ के अन्य पदक विजेताओं में ज्योति याराजी, मुरली श्रीशंकर, तेजस्विन शंकर, गुलवीर सिंह, मोहम्मद अफजल, एंसी सोजन, प्रवीण चित्रवेल और विथ्या रामराज शामिल हैं। तेजस शिरसे को भी पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ के लिए चुना गया है। उन्हें ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान बाएं पैर में दो स्ट्रेस फ्रैक्चर हुए थे। भारत की नजर एथलेटिक्स में अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखने पर होगी।

हांगझोउ में भारत का ऐसा रहा था प्रदर्शन
हांगझोउ 2023 में भारत ने एथलेटिक्स में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 29 पदक जीते थे, जिसमें छह स्वर्ण, 14 रजत और नौ कांस्य पदक शामिल थे।

भारतीय एथलेटिक्स टीम के प्रमुख खिलाड़ी
पुरुष वर्ग: गुरिंदरवीर सिंह (100 मीटर), अनीमेश कुजूर (100 मीटर, 200 मीटर, मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले), गुलवीर सिंह (1500 मीटर, 5000 मीटर, 10,000 मीटर), सावन बरवाल (मैराथन), तेजस शिरसे (110 मीटर बाधा दौड़), अविनाश साबले (3000 मीटर स्टीपलचेज), सर्वेश कुशारे (हाई जंप), कुलदीप कुमार (पोल वाल्ट), मुरली श्रीशंकर (लांग जंप), तजिंदरपाल सिंह तूर (शाटपुट), नीरज चोपड़ा (भाला फेंक), तेजस्विन शंकर (डेकाथलान)।

 

 

#Neeraj Chopra

Source : Agency

आपकी राय

4 + 5 =

पाठको की राय