Monday, October 19th, 2026

Asian Cup qualifiers: आखिरी मिनट के खेल में भारत ने अफगानिस्तान से छीना मैच, छेत्री-समद के दम पर 2-1 से जीता

नई दिल्ली
कोलकाता के विवेकानंद युवा बाल भारती करियांगन (वीवाईबीके) स्टेडियम में खेले जा रहे एफसी एशियन कप क्वालिफायर्स 2023 में भारतीय फुटबॉल का जलवा लगातार दूसरे मैच में भी बरकरार रहा है। भारत ने 8 जून को खेले गये अपने पहले मैच में कंबोडिया की टीम को 2-0 से मात दी थी जिसके बाद उसे एशियन कप क्वालिफायर्स के ग्रुप डी में अपना दूसरा मैच अफगानिस्तान से खेलना पड़ा। इस मैच में भारतीय टीम ने मैच के लगभग 85 मिनटों तक पिछड़ने के बाद ड्रामेटिक अंदाज में वापसी की और आखिरी मिनटों में मैच का पासा पलटकर टीम को 2-1 से जीत दिला दी। सुनील छेत्री (86वें मिनट) और सहल अब्दुल समद (90+2 मिनट) ने गोल दागने का काम किया। मैच की शुरुआत काफी जोशिले अंदाज में देखने को मिली जहां पर भारतीय टीम ने पहले 10 मिनट में अफगानिस्तान को लगातार कॉर्नर पर रखा लेकिन इसके बावजूद अफगानी टीम बचाव करने में कामयाब रही।

20वें मिनट में अफगानिस्तान की टीम ने पहली बार भारत के लिये खतरा पैदा किया लेकिन भारतीय टीम इस खतरे को नाकाम करने में कामयाब रही। इसके बाद भारतीय टीम ने ज्यादा समझदारी से खेल दिखाया और गेंद का ज्यादातर अपने पास रखने में कामयाब भी रहे लेकिन इस दौरान मिले मौकों को भारतीय टीम भुनाने में नाकाम रही। इंटरवल से पहले सुनील छेत्री भारतीय टीम का खाता खोलने के करीब आये थे, जहां पर मनवीर सिंह ने दायीं तरफ से एक क्रॉस मारा था और छेत्री इस गेंद को अफगानी डिफेंडर हारून अमिरी से पार कराते हुए बॉक्स के अंदर ले गये थे और सिजर किक के जरिये गोल करना चाहते थे, लेकिन दुर्भाग्यवश यह कनेक्ट नहीं हुआ और भारत का खाता नहीं खुल सका।

 हालांकि दोनों में से कोई भी टीम आखिरी मिनटों से पहले खाता खोल पाने में नाकाम रही। 85 मिनट तक कोई गोल नहीं होने के बाद 86वें मिनट में भारत के लिये सुनील छेत्री ने गोल के सूखे को खत्म किया और अशिके कुरुनियन की मदद से मिली फ्री किक पर गोल दागकर अपनी टीम का खाता खोला। हालांकि यह खुशी सिर्फ 2 मिनट ही टिक सकी क्योंकि अफगानिस्तान के लिये जुबैर अमिरी ने 88वें मिनट में बराबरी वाला गोल दाग दिया था।

कुरुनियन के दम पर भारतीय टीम लगातार अफगानिस्तान के डिफेंडर्स को परेशान करने में कामयाब रहे। 90 मिनट का खेल समाप्त होने के बाद अतिरिक्त दो मिनट में सहल अब्दुल समद ने लेफ्ट कॉर्नर से गोल दागकर भारत को एक रोमांचक जीत दिला दी। IND vs SA: 'अगर उन्हें ड्रॉप किया तो जीत पक्की', कटक मैच से पहले पंत के बचाव में उतरे भुवनेश्वर कुमार इस जीत के साथ भारतीय टीम ने ग्रुप डी में 6 अंकों के साथ हॉन्गकॉन्ग की बराबरी कर ली है। अब भारतीय टीम को हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 14 जून को अपना अगला मुकाबला इसी मैदान पर खेलना है, जो कि भारतीय समयानुसार रात 8:30 बजे से खेला जायेगा।
 

 

#Asian Cup qualifiers:

Source : Agency

पाठको की राय