Friday, October 23rd, 2026

Asia Cup 2022: शाहीन अफरीदी और मोहम्मद वसीम के बाहर होने के बाद फीका बड़ा पाकिस्तान का बॉलिंग अटैक

नई दिल्ली
 
एशिया कप 2022 शुरू होने से पहले बाबर आजम की अगुवाई वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम को दो बड़े झटके लगे हैं। बाएं हाथ के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी घुटने की चोट के चलते पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके थे जिनके रिप्लेसमेंट के रूप में मोहम्मद हसनैन को टीम में शामिल किया गया था और अब मोहम्मद वसीम भी टूर्नामेंट के शुरू होने से एक दिन पहले चोट के चलते बाहर हो गए हैं। वसीम के रिप्लेसमेंट के रूप में हसन अली को टीम में शामिल किया गया है।

बुधवार को प्रैक्टिस के दौरान वसीम की पीठ में दर्द हुआ था जिसके बाद एमआरआई के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। उनकी रिपोर्ट को देखने के बाद पाकिस्तानी टीम मैनेजमेंट ने आगामी टी20 वर्ल्ड कप और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज को देखते हुए आराम देने का फैसला लिया। हसन अली इवेंट टेक्निकल कमेटी की मंजूरी के बाद ही टीम से यूएई में जुड़ पाएंगे।
 
पाकिस्तान के स्क्वॉड में अब हारिस रऊफ, नसीम शाह , मोहम्मद हसनैन, शाहनवाज दहानी और हसन अली (ईटीसी से मंजूरी के अधीन) के रूप में कुल 5 तेज गेंदबाज है, मगर टीम में दो ही अनुभवी गेंदबाज हैं। हारिस रऊफ (35) और हसन अली (49) के अलावा मोहम्मद हसनैन ने 18 टी20 मैच खेलने हैं और शाहनवाज दहानी को दी ही टी20 मैच का अनुभव है। वहीं नसीम शाह ने तो अभी तक क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में डेब्यू तक नहीं किया है। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम की तैयारियों को बड़ा झटका लगा है। बाबर आजम अब इन परेशानियों से कैसे उबर पाते हैं यह देखने वाली बात होगी।

एशिया कप 2022 के लिए पाकिस्तान का स्क्वॉड- बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उप-कप्तान), आसिफ अली, फखर जमान, हैदर अली, हारिस रऊफ, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, हसन अली (ईटीसी से मंजूरी के अधीन), नसीम शाह , मोहम्मद हसनैन, शाहनवाज दहानी और उस्मान कादिर।

 

 

#Asia Cup 2022

Source : Agency

पाठको की राय