Friday, October 23rd, 2026

Asia Cup 2022: विराट कोहली और ऋषभ पंत समेत भारतीय टीम ने की चोटिल शाहीन अफरीदी से मुलाकात

नई दिल्ली
 
एशिया कप 2022 में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला 28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ी प्रैक्टिस सेशन में जमकर पसीना बहा रहे हैं। बुधवार को जब टीम इंडिया पहले प्रैक्टिस सेशन के लिए आईसीसी अकैडमीं में पहुंची थी तो पाकिस्तानी टीम पैकअप कर लौट रही थी। इस दौरान विराट कोहली की मुलाकात पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम से हुई थी। इस मुलाकात की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खिया बटोरी थी। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने अधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शाहीन अफरीदी और भारतीय खिलाड़ियों की मुलाकात का एक वीडियो और पोस्ट किया है जिसमें कोहली, पंत और चहल शाहीन अफरीदी का हाल-चाल पूछते नजर आ रहे हैं।
 
बता दें, शाहीन अफरीदी चोट के चलते एशिया कप 2022 से बाहर हो चुके हैं, मगर वह फिर भी टीम के साथ इस टूर्नामेंट के लिए यूएई गए हैं। वीडियो में देखने को मिल रहा है कि शाहीन बैठे हुए थे तब युजवेंद्र चहल ने आकर सबसे पहले उनसे मुलाकात की, इस के बाद पाकिस्तान के इस गेंदबाज से मिलने विराट कोहली, ऋषभ पंत और केएल राहुल पहुंचे। पंत और चहल ने अफरीदी को गले भी लगाया।
 
बता दें, शाहीन अफरीदी के बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए एक और बुरी खबर सामने आई है। मोहम्मद वसीम को नेट सेशन के दौरान पीठ में दर्ज हुआ जिसके बाद उन्हें एमआरआई के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उनकी यह चोट कितनी गंभीर है। भारत के खिलाफ अगर वसीम इस चोट के चलते नहीं खेल पाते तो पाकिस्तान के लिए यह बड़ा झटका होगा।

शाहीन अफरीदी के टी20 करियर पर नजर डालें तो उन्होंने अभी तक खेले 40 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 7.76 की इकॉन्मी से 47 विकेट लिए हैं, वहीं 21 साल के मोहम्मद वसीम ने अब तक 11 T20I मैच खेले हैं। उन्होंने 15.88 की औसत और 8.10 की इकॉनमी से 17 विकेट लिए हैं।

 

 

#Asia Cup 2022

Source : Agency

पाठको की राय