Wednesday, October 21st, 2026

Ashes Series: सिडनी टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, ट्रैविस हेड हुए कोरोना पॉजिटिव

 नई दिल्ली
एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट मैच 5 जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) पर खेला जाना है, इससे पहले मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। इनफॉर्म बल्लेबाज ट्रैविस हेड कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं और सिडनी टेस्ट से बाहर हो गए हैं। मिचेल मार्श, निक मैडिन्सन और जोश इंग्लिस को कवर के तौर पर ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच जारी एशेज सीरीज में चौथे टेस्ट से पहले दोनों तरफ के ग्रुप कोरोना से परेशान हुए हैं। इंग्लैंड के कोच क्रिस सिल्वरवुड भी कोरोना के चलते सिडनी टेस्ट का हिस्सा नहीं होंगे।

वहीं मैच रेफरी डेविड बून भी कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए और सिडनी टेस्ट से बाहर हो चुके हैं। चौथे टेस्ट में आईसीसी रेफरी के इंटरनेशनल पैनल के सदस्य स्टीव बर्नार्ड उनकी जगह मैच रेफरी की भूमिका निभाएंगे। सीरीज की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया पहले तीन टेस्ट मैच जीतकर सीरीज पर अजेय बढ़त बना चुका है। पूरी सीरीज के दौरान इंग्लैंड का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा है।

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन जैसे दिग्गजों ने इंग्लैंड टेस्ट टीम के प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए हैं। सीरीज का पहला टेस्ट ब्रिसबेन में खेला गया था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने नौ विकेट से जीता था, इसके बाद दूसरा टेस्ट मैच एडिलेड में खेला गया, जहां ऑस्ट्रेलिया ने डे-नाइट टेस्ट में 275 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। सीरीज का तीसरा मैच बॉक्सिंग डे टेस्ट था, जो मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने महज ढाई दिन के अंदर एक पारी और 14 रनों से जीत लिया था।

 

#Ashes Series

Source : Agency

पाठको की राय