Thursday, October 22nd, 2026

महाराष्ट्र में परिवार नियोजन किट पर आशा कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी,बीजेपी ने सरकार को घेरा

  बुलढाना
 

महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेता चित्रा किशोर वाघ ने आशा कार्यकर्ताओं को दी जा रही परिवार नियोजन परामर्श किट में प्रजनन अंग के मॉडल पर सवाल उठाया है. चित्रा वाघ ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार का दिमागी संतुलन बिगड़ गया है.

बता दें कि सूबे में आशा कार्यकर्ताओं को परिवार नियोजन परामर्श किट प्रदान की जा रही है. इसमें जरूरी सामग्री के अलावा महिला-पुरुष के प्रजनन अंगों के रबर के मॉडल भी शामिल हैं. रबर के इन मॉडलों को किट में शामिल करने के सरकार के फैसले पर आशा कार्यकर्ताओं ने भी नाराजगी जताई है.

आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि जागरूकता अभियान के दौरान वह इन मॉडलों को जब लोगों को प्रदर्शित करती हैं तो उन्हें काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है. उन्होंने मांग की है कि सरकार इस किट से प्रजनन अंगों के मॉडल को हटाए.

आशा कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि उन्हें इन वस्तुओं को लेकर घूमने या एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने में अजीब लगता है. बता दें कि परिवार नियोजन और यौन स्वच्छता के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने परिवार नियोजन परामर्श किट वितरित किए हैं, इसमें पुरुष और महिला के प्रजनन अंगों के मॉडल शामिल हैं.

 

#चित्रा किशोर वाघ

Source : Agency

पाठको की राय