'इंडिया वालों' पर अकेले ही भारी पड़े असगर अफगान, अपने दम पर एशिया लायंस को दिलाई जीत
नई दिल्ली
लीजेंड्स लीग क्रिकेट में इंडिया महाराजा को दूसरी हार का सामना करना पड़ा। सोमवार शाम को ओमान के मस्कट में खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान के असगर अफगान अकेले ही इंडिया महाराजा की टीम पर भारी पड़ गए। असगर अफगान इस मैच में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिस्बाह उल हक की कप्तानी वाली एशिया लायंस टीम का हिस्सा थे। उन्होंने बल्लेबाजी के बाद गेंदबजी में भी कमाल का प्रदर्शन करते हुए एशिया लायंस को टूर्नामेंट में दूसरी जीत दिला दी। टीम अब तीन मैचों में दो जीत के साथ चार अंक लेकर अंकतालिका में टॉप पर है।
असगर अफगान का ऑलराउंड प्रदर्शन
अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगान ने बल्लेबाजी में तहलका मचाते हुए केवल 28 गेंदों पर ही 96 रनों की नाबाद पारी खेल डाली। उन्होंने इस दौरान अपनी पारी में 4 चौके और 7 शानदार छक्के लगाए। उनके अलावा उपूल थरंगा ने 72 और मोहम्मद यूसुफ ने 26 रनों का योगदान दिया। अपने इन बल्लेबाजों के दम पर एशिया लायंस ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 193 रन का स्कोर बनाया।
बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी चमके अफगान
इंडिया महाराजा की टीम 194 रनों के लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाई और टीम को 36 रन से हार का सामना करना पड़ा। इंडिया महाराजा की ओर सबसे ज्यादा 35-35 रन वसीम जाफर और मनप्रीत गोनी ने बनाए। अफगान ने गेंद से भी घातक गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर 2 विकेट झटके। असगर अफगान को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

पाठको की राय