Wednesday, October 21st, 2026

आर्ट डायरेक्टर राजू साप्ते ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

पुणे
 मराठी फिल्म और टीवी शो के आर्ट डायरेक्टर राजू साप्ते (Raju Sapte) महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ कस्बे में स्थित अपने घर पर मृत पाए गए. कथित तौर पर कहा जा रहा है कि राजू साप्ते ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने यह जानकारी साझा की है. अब तक हुई जांच-पड़ताल के आधार पर पुलिस का कहना है कि मजदूर संगठन से जुड़े एक व्यक्ति ने प्रताड़ित किया था, जिसके चलते राजू ने फांसी लगाकर आत्महत्या की.
पुलिस के हाथ लगा वीडियो और सुसाइड नोट

यह कठोर कदम उठाने से पहले राजू साप्ते (Raju Sapte) ने एक वीडियो बनाया, जिसमें उन्होंने उस व्यक्ति के नाम का जिक्र किया है जो उन्हें प्रताड़ित कर रहा था. वाकाड पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक विवेक मुगालिकर ने बताया कि पुलिस ने वीडियो क्लिप और सुसाइड नोट बरामद कर लिया है. उन्होंने बताया, 'हमने आत्महत्या के लिए उकसाने का एक मामला दर्ज किया है. आगे की जांच जारी है.’
काम की नहीं थी कमी

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में राजू साप्ते (Raju Sapte) ने कहा, ‘मुझ पर किसी का बकाया नहीं है. मैं नियमित तौर पर भुगतान कर रहा हूं. मैं फिलहाल पांच प्रोजेक्ट पर काम कर रहा हूं.’ साप्ते ने वीडियो में आगे कहा, 'राकेश मौरिया लोगों को मेरे खिलाफ उकसा रहा है. ऐसे में मैं कोई काम शुरू नहीं कर सकता.'
इस वजह से उठाया ये कदम

वीडियो में अपनी परेशानी जाहिर करते हुए राजू साप्ते (Raju Sapte) ने कहा, 'राकेश मौरिया के परेशान करने की वजह से ही मुझे हाल में ही एक काम छोड़ना पड़ा. इसी वजह से मैं आत्महत्या कर रहा हूं. मैं न्याय की मांग करता हूं.’ राजू साप्ते ‘मान्या द वांडर ब्वॉय’ और ‘अम्बत गोंड’ जैसी फिल्मों के कला निर्देशक थे.

 

#राजू साप्ते

Source : Agency

पाठको की राय