सेना का पूरा हुआ बदला,TRF के आतंकी का काम-तमाम
श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों में सेना की कार्रवाई काफी तेज हो गई है. लगातार आतंकवादियों संग मुठभेड़ हो रही है, उनका सफाया किया जा रहा है. एक बार फिर पुलवामा में सेना ने लश्कर (TRF) के आतंकी का सफाया कर दिया है. मुठभेड़ के दौरान खालिद बशीर नाम के आतंकी को मार दिया गया है. इस आतंकी ने ही 2 अक्टूबर को एक सिविलियन की हत्या कर दी थी.
पुलवामा में आतंकी का सफाया
IGP कश्मीर विजय कुमार ने जानकारी दी है कि खालिद बशीर नाम के आतंकी ने 2 अक्टूबर को मोहम्मद शफी दार की हत्या कर दी थी. गोलियों से भून उस बेकसूर की जान ले ली गई थी. इससे पहले भी आतंकी लगातार कई आम नागरिकों को अपना निशाना बना रहे थे. इसी वजह से सेना ने अपनी कार्रवाई तेज की और कम समय में अपना इंतकाम लिया. इसी कड़ी में अब शुक्रवार को पुलवामा में लश्कर (TRF) के आतंकी का सफाया कर दिया गया है.
इससे पहले भी अनंतनाग, बांदीपोरा, शोपियां में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान कई आतंकियों को मौत के घाट उतारा है. जब से पुंछ में पांच जवान शहीद हुए हैं, सेना ने भी पूरी ताकत के साथ अपना बदला लिया है जिस वजह से आतंकियों के हौसले बुरी तरह पस्त हो गए हैं. वैसे अब इन्हीं हौसलों को और पस्त करने के लिए मोदी सरकार कोई बड़ा कदम उठा सकती है.
आतंकियों के खिलाफ क्या नीति?
गुरुवार को पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के बीच एक अहम मीटिंग हुई है. कहा जा रहा है कि इस मीटिंग में कश्मीर की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई है. इससे पहले गृह मंत्रालय की तरफ से भी कश्मीर मुद्दे पर ही एक बैठक की जा चुकी है. ऐसे में लगातार हो रही बैठकों ने अटकलों के बाजार को गर्म कर दिया है. कहा जा रहा है कि आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है. सरकार ने इसको लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है.

पाठको की राय