Thursday, October 22nd, 2026

बरेली में न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस के एसी कोच में फौजी का हंगामा, हुआ गिरफ्तार

बरेली
 
न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस के एसी कोच बी-2 में बिना टिकट सफर करने वाले फौजी अनिस कुमार राय को बरेली जंक्शन आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। सरकारी काम में बाधा डालने और रेलवे स्टॉफ से अभद्रता करने के आरोप में धारा 145 बी, 146, 155 रेल अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बिहार के सिवान में कुमकुम गांव के रहने वाले अनिस कुमार राय बीकानेर राजस्थान की महाजन यूनिट में कार्यरत है। फौजी अनिस कुमार के पास टिकट नहीं था। एक दिन बाद का उनके पास टिकट था। फिर भी वह एसी बी-2 कोच में सवार हो गए। जब यात्रियों ने विरोध किया तो वह हंगामा करने लगे। कंट्रोल मैसेज मिलने पर आरपीएफ बरेली जंक्शन और टीटीई अनीता कोच अटैंड करने पहुंचीं। जब अनिस से उतरने को कहा गया तो वह चेकिंग स्टॉफ से झगड़ा करने लगे। गाली-गलौज कर दी। हाथापाई करने को उतारु हो गए। आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर मुकदमा दर्ज कर लिया। धारा 145 बी, 146, 155 रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। रविवार को आरोपी फौजी अनिस कुमार को अदालत में पेश किया जाएगा।

 

 

#जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस

Source : Agency

पाठको की राय